बीएसई ने लॉन्च किया ‘टोटल मार्केट इंडेक्स’

 मुंबई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) ने गुरुवार को नए बेंचमार्क बीएसई टोटल मार्केट इंडेक्स (टीएमआई) को लॉन्च किया है। यह बाजार पूंजीकरण के हिसाब से बीएसई ऑलकैप में मौजूद 98 प्रतिशत कंपनियों का प्रतिनिधित्व करेगा। इसके जरिए एक्सचेंज की कोशिश बाजार की ट्रैकिंग को आसान बनाना है। एक्सचेंज के अनुसार, यह इंडेक्स बीएसई ऑलकैप यूनिवर्स के कम से कम 98 प्रतिशत हिस्से को कवर करेगा (जिसमें कम से कम 1,000 स्टॉक्स शामिल होंगे), जिससे यह भारतीय इक्विटी मार्केट के लिए सबसे व्यापक बेंचमार्क में से एक बन जाएगा। बीएसई टोटल मार्केट इंडेक्स की बेस वैल्यू 1,000 है और इसकी पहली वैल्यू डेट 16 सितंबर, 2005 है। इस इंडेक्स को हर छह महीने में (जून और दिसंबर) पुनर्गठित किया जाएगा। इस इंडेक्स का संचालन बीएसई की सहयोगी कंपनी बीएसई इंडेक्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किया जाएगा, जो अन्य इंडेक्स का भी संचालन करती है। बीएसई इंडेक्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ आशुतोष सिंह ने कहा कि इस इंडेक्स को भविष्य के हिसाब से तैयार किया गया है। यह भारत के कैपिटल मार्केट की ग्रोथ के साथ-साथ बढ़ता है, न कि कुछ तय कंपनियों या शेयरों तक ही सीमित रहता है। उन्होंने कहा, “बीएसई टोटल मार्केट इंडेक्स को इस तरह से बनाया गया है कि जैसे-जैसे भारत का कैपिटल मार्केट बढ़ेगा, यह भी बढ़ेगा। यह लिस्टेड मार्केट कैपिटलाइजेशन के दायरे का व्यापक और सही प्रतिनिधित्व करता है और साथ ही यह भी दिखाता है कि मार्केट में कैसे बदलाव आ रहे हैं।” एक्सचेंज ने कहा कि इस नए बेंचमार्क का इस्तेमाल पैसिव इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट्स जैसे एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स (ईटीएफ) और इंडेक्स फंड्स के लिए किया जा सकता है। इसके अलावा, यह पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (पीएमएस), म्यूचुअल फंड स्कीम और इंस्टीट्यूशनल पोर्टफोलियो के लिए भी बेंचमार्क का काम करेगा। इससे पहले जनवरी में, बीएसई इंडेक्स सर्विसेज ने डेरिवेटिव स्टॉक्स इंडेक्स लॉन्च किया था, जो बीएसई 500 इंडेक्स के डेरिवेटिव-लिंक्ड शेयरों के परफॉर्मेंस को ट्रैक करता है। टोटल मार्केट इंडेक्स की तरह ही, इसका मकसद भी ईटीएफ और इंडेक्स फंड्स के जरिए पैसिव इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटेजी को सपोर्ट करना है, साथ ही पीएमएस स्ट्रेटेजी, म्यूचुअल फंड स्कीम और इन्वेस्टमेंट पोर्टफोलियो के लिए बेंचमार्क के तौर पर काम करना है।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link