किश्तवाड़: 27 जुलाई तक स्थगित हुई श्री मचैल माता यात्रा

किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में श्री मचैल माता जी यात्रा पर 27 जुलाई तक अस्थायी रोक लगाई गई है। श्रद्धालुओं और आम जनता को सलाह गई है कि वे गुलाबगढ़ की ओर कोई यात्रा न करें और अपनी सुरक्षित जगहों पर ही रहें। किश्तवाड़ के डिप्टी कमिश्नर कार्यालय ने अपने आदेश में कहा कि किश्तवाड़-पाडर-गुलाबगढ़ रूट पर श्रद्धालुओं, यात्रियों और आम जनता की आवाजाही 25 जुलाई से 27 जुलाई तक बंद रहेगी। श्री मचैल माता जी यात्रा 2026 की सालाना पवित्र यात्रा आधिकारिक तौर पर 25 जुलाई को शुरू होने वाली है। यात्रा की शुरुआत से पहले डिप्टी कमिश्नर कार्यालय ने जानकारी दी कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), किश्तवाड़ के एसएसपी और ट्रैफिक अधिकारियों के साथ पूरी समीक्षा के बाद किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए श्री मचैल माता जी यात्रा पर रोक लगाई गई है। आदेश में कहा गया है कि किश्तवाड़ जिले में लगातार खराब मौसम बना हुआ है, जिससे रास्ते खतरनाक हो गए हैं। सड़कें फिसलन भरी हैं, भूस्खलन हो रहा है और किश्तवाड़-पाडर रोड के अहम हिस्से पर लगातार पत्थर गिर रहे हैं। इसलिए श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों, सेवा देने वालों और प्रशासनिक कर्मचारियों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। आदेश के अनुसार, 25 जुलाई को यात्रा की शुरुआत से जुड़े पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान सिर्फ तय पुजारी और अधिकृत प्रतिनिधियों की ओर से ही स्थापित परंपरा के अनुसार किए जाएंगे। इसमें कहा गया है, “आम श्रद्धालुओं के लिए यात्रा तभी फिर से शुरू होगी, जब मौसम ठीक हो जाएगा और सड़क साफ हो जाएगी। यात्रा फिर से शुरू करने की सही तारीख और समय के बारे में एक अलग एडवाइजरी या आदेश जारी किया जाएगा।” किश्तवाड़ के डिप्टी कमिश्नर कार्यालय ने अपने आदेश में कहा, “श्रद्धालुओं और आम जनता को सख्ती से सलाह दी जाती है कि वे इन तारीखों के दौरान गुलाबगढ़ की ओर कोई यात्रा न करें और अपनी सुरक्षित जगहों पर ही रहें।”

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link