प्योंगयांग पूर्व सूचना दिए बगैर छोड़ देता है बांध का पानी, दक्षिण कोरिया बोला- ‘इस बार हम तैयार’

 सोल। उत्तर कोरिया वर्षों से दक्षिण कोरिया को सूचित किए बिना बांध से पानी छोड़ देता है। भारी बारिश के चलते इस बार भी आशंका पूरी है कि ऐसा ही होगा। पूर्वानुमान लगाते हुए सोल ने सोमवार को अपनी तैयारी पुख्ता करने का दावा किया। योनहाप न्यूज एजेंसी के अनुसार, दक्षिण कोरिया सरकार ने कहा कि उत्तर कोरिया की ओर से सीमा के पास स्थित बांध से अचानक और बिना पूर्व सूचना पानी की स्थिति से निपटने के लिए उसने तैयारी कर रखी है। दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि सीमा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार के पास प्रभावी योजनाएं मौजूद हैं। दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव के बीच उत्तर कोरिया पिछले एक दशक से अधिक समय से बांधों से पानी छोड़ने से पहले दक्षिण कोरिया को सूचना देने के पुराने समझौते का पालन नहीं कर रहा है। मंत्रालय के एक अधिकारी ने पत्रकारों से कहा, “सरकार के पास सीमा क्षेत्रों के निवासियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय तैयार हैं।” उन्होंने बताया कि पहले उत्तर कोरिया की ओर से पानी छोड़े जाने की स्थिति की निगरानी के साधन सीमित थे, लेकिन अब आधुनिक तकनीक की मदद से वास्तविक समय में स्थिति पर नजर रखी जा सकती है। अधिकारी के अनुसार, उपग्रह तस्वीरों, बांध के गेट की निगरानी और विभिन्न सरकारी एजेंसियों के बीच समन्वय से पानी के प्रवाह और संभावित खतरे का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया अब केवल उत्तर कोरिया की अग्रिम सूचना पर निर्भर नहीं है। दोनों देशों के बीच हुए समझौते के तहत उत्तर कोरिया को बांध से पानी छोड़ने से पहले दक्षिण कोरिया को जानकारी देनी थी, लेकिन प्योंगयांग ने 2014 के बाद से इस प्रतिबद्धता का पालन नहीं किया है। अधिकारी ने बताया कि सामान्य परिस्थितियों में उपग्रह दिन में तीन से चार बार संबंधित क्षेत्रों की तस्वीरें लेते हैं, लेकिन आपात स्थिति में इन्हें वास्तविक समय की निगरानी के लिए इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया की ओर से पानी छोड़े जाने के बाद उसे दक्षिण कोरिया के सीमा क्षेत्रों तक पहुंचने में लगभग छह घंटे लगते हैं, जिससे सरकार को संभावित बाढ़ से निपटने के लिए तैयारी करने का पर्याप्त समय मिल जाता है। मानसून के दौरान उत्तर कोरिया की ओर से अचानक पानी छोड़े जाने की घटनाएं दक्षिण कोरिया में बाढ़ का कारण बनती रही हैं। पिछले सप्ताह उत्तर कोरिया ने इमजिन नदी के ऊपरी हिस्से में स्थित ह्वांगगांग बांध से पानी छोड़ा था। यह नदी सैन्य सीमा रेखा को पार करते हुए दक्षिण कोरिया में प्रवेश करती है, जिससे सीमा क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया था।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link