न्गुलखाम जाथोम मेक्सिको में भारत के अगले राजदूत नियुक्त

नई दिल्ली। भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) ने न्गुलखाम जाथोम गंगटे को मेक्सिको का अगला राजदूत नियुक्त किया है। बुधवार को इसकी जानकारी दी गई। एमईए ने इसे लेकर एक बयान जारी किया। बताया कि भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 1994 बैच के अधिकारी न्गुलखाम जाथोम गंगटे को मेक्सिको में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। वर्तमान में विदेश मंत्रालय में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत गंगटे जल्द ही अपना नया कार्यभार संभालेंगे। विदेश मंत्रालय ने जारी बयान में कहा कि उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से की गई है और उनसे शीघ्र ही मेक्सिको में पदभार ग्रहण करने की उम्मीद है। गंगटे, पंकज शर्मा की जगह लेंगे, जो 2022 से मेक्सिको में भारत के राजदूत हैं। ‘इंडियन काउंसिल ऑफ वर्ल्ड अफेयर्स’ की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, न्गुलखाम जाथोम गंगटे भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 1994 बैच के अधिकारी हैं। वर्तमान में वह विदेश मंत्रालय (एमईए) में विशेष सचिव (स्थापना) के पद पर कार्यरत हैं और इंडियन काउंसिल ऑफ वर्ल्ड अफेयर्स (आईसीडब्ल्यूए) के कार्यवाहक उप महानिदेशक (एक्टिंग डीडीजी) की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उन्होंने 6 जनवरी 2026 को आईसीडब्ल्यूए के कार्यवाहक उप महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया था। गंगटे ने अपने राजनयिक करियर के दौरान विदेशों में भारत के कई महत्वपूर्ण मिशनों में सेवाएं दी हैं। उन्होंने काहिरा (मिस्र), रबात (मोरक्को), डबलिन (आयरलैंड), दार-एस-सलाम (तंजानिया) और शिकागो (अमेरिका) स्थित भारतीय मिशनों में विभिन्न पदों पर काम किया है। विदेश मंत्रालय मुख्यालय में उन्होंने उप सचिव और निदेशक (पश्चिम एशिया एवं उत्तरी अफ्रीका) (2006-2008) के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा वह नई दिल्ली स्थित ‘सुषमा स्वराज इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन सर्विस’ में संयुक्त सचिव भी रहे। गंगटे वर्ष 2017 से 2021 तक जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त रहे। इसके बाद उन्होंने 2021 से 2024 तक ट्यूनीशिया और लीबिया में भारत के राजदूत के रूप में जिम्मेदारी निभाई। मेक्सिको में उनकी नियुक्ति भारत और लैटिन अमेरिका के बीच कूटनीतिक एवं आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। शैक्षणिक रूप से गंगटे ने रसायन विज्ञान में स्नातक (बैचलर ऑफ साइंस) की डिग्री हासिल की है। वह अंग्रेजी, हिंदी और अरबी भाषाओं के जानकार हैं। उन्हें बाहरी गतिविधियों में रुचि है, और वह टेनिस, टेबल टेनिस तथा फुटबॉल सहित कई खेल खेलते हैं।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link