भार्गव सैकिया ने ‘बोक्शी’ को लेकर कहा, ‘हमने युवा दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई फिल्म’

मुंबई। फिल्ममेकर भार्गव सैकिया की फिल्म ‘बोक्शी’ भारतीय सिनेमा में हॉरर जॉनर को एक नया अंदाज देने के लिए तैयार है। भार्गव इस फिल्म के जरिए निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। खास बात ये है कि फिल्म को रिलीज से पहले ही दुनिया के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल में जगह मिल चुकी है। रॉटरडैम से लेकर स्पेन के सिटजेस तक ‘बोक्शी’ हर जगह सुर्खियां बटोर चुकी है। अब फाइनली 9 अक्टूबर को ये फिल्म भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। मेकर्स का कहना है कि इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने का अनुभव ही कुछ अलग होगा। फिल्म के रिलीज की घोषणा करते हुए डायरेक्टर और प्रोड्यूसर भार्गव सैकिया ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ”2025 में रॉटरडैम और सिटजेस जैसे बड़े फेस्टिवल में शानदार सफर करने के बाद अब ‘बोक्शी’ को हम अपने देश के दर्शकों के सामने ला रहे हैं। हमने इस फिल्म को खास तौर पर युवा दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाया है। ‘बोक्शी’ एक हॉरर फिल्म है और इसे सिनेमाघर के बड़े पर्दे पर साउंड के साथ देखना ही असली मजा है।” ‘बोक्शी’ की कास्टिंग को लेकर भी भार्गव ने खुलकर बात की। फिल्म में प्रशंसा बिष्ट अनाहिता का रोल निभा रही हैं। प्रशंसा को इससे पहले ‘चिरैया’ और ‘आदर्श बाल विद्यालय’ जैसी फिल्मों में देखा गया है। भार्गव ने कहा, ” अनाहिता के रोल के लिए लंबी ऑडिशन प्रक्रिया चली थी। उन्हें हमने कई ऑडिशन के बाद चुना। पहले ही ऑडिशन में उनकी सच्चाई और लगन ने मुझे प्रभावित कर दिया था। वह उत्तराखंड से हैं और उनके अंदर एक नेचुरल सादगी है। वही सादगी अनाहिता के किरदार के लिए चाहिए थी। इसलिए वह इस रोल के लिए एकदम परफेक्ट थीं। प्रशंसा ने किरदार में जान डाल दी है।” फिल्म की दूसरी अहम एक्ट्रेस हैं मानसी मुलतानी। मानसी को मीरा नायर की वेब सीरीज ‘ए सूटेबल बॉय’ के लिए जाना जाता है। भार्गव ने कहा, ”मानसी को कास्ट करने की कहानी भी दिलचस्प है। मैं और फिल्म के लेखक हर्ष वैभव एक दिन नेटफ्लिक्स पर ‘ए सूटेबल बॉय’ देख रहे थे। उसी समय मानसी की स्क्रीन पर मौजूदगी और उनके चलने-बोलने का अंदाज हमें बहुत पसंद आया। उसी पल हमें लगा कि शालिनी का किरदार सिर्फ मानसी ही कर सकती हैं। मैंने तुरंत उन्हें इंस्टाग्राम पर मैसेज किया और उन्होंने बिना देर किए हां कर दी। इस तरह मानसी ‘बोक्शी’ का हिस्सा बनीं।” फिल्म के लेखक और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हर्ष वैभव ने भी फिल्म के बारे में अपने विचार रखे। उन्होंने कहा, ”बोक्शी’ एक निडर कहानी है। ये ताकत, अंधविश्वास और उन कहानियों के बारे में है जो हमें अंदर से आकार देती हैं। हम बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि अक्टूबर में दर्शक सिनेमाघरों में इसकी दुनिया को जिएं।” ‘बोक्शी’ को लोरियन मोशन पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर 2025 में नीदरलैंड में हुए इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल रॉटरडैम में हुआ था। वहां से इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। इसके बाद ‘बोक्शी’ ने एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया। ये 2025 में दुनिया के कई बड़े जॉनर फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाने वाली इकलौती भारतीय फीचर फिल्म बन गई। इन फेस्टिवल में स्पेन का सिटजेस इंटरनेशनल फैंटास्टिक फिल्म फेस्टिवल, स्विट्जरलैंड का न्यूशैटेल इंटरनेशनल फैंटास्टिक फिल्म फेस्टिवल और ऑस्ट्रेलिया का एसएक्सएसडब्ल्यू सिडनी शामिल हैं।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link