मुंबई। टीवी के चहेते एक्टर ऋत्विक धनजानी को ‘पवित्र रिश्ता’ से घर-घर में पहचान मिली और उसके बाद से वो टीवी की दुनिया के सबसे पॉपुलर चेहरों में से एक बन गए। प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ ऋत्विक अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी चर्चा में रहते हैं। खासकर अपने दोस्तों को लेकर अक्सर वह सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते रहते हैं। इस कड़ी में उन्होंने इंस्टाग्राम पर दोस्ती की अहमियत को लेकर एक पोस्ट किया और कहा कि जिंदगी में कुछ लोग ऐसे होते हैं जो घर से दूर होने पर भी आपको घर जैसा एहसास दिलाते हैं। ऋत्विक ने पोस्ट में कहा कि जिंदगी में आगे बढ़ते हुए हमें कई तरह के लोग मिलते हैं। कुछ आते हैं और चले जाते हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं जो दिल के बहुत करीब हो जाते हैं। ऐसे रिश्ते किसी परिवार से कम नहीं होते। जब आप अपने शहर, अपने घर से दूर होते हैं, तब यही लोग आपको संभालते हैं। यही लोग आपके बुरे वक्त में हंसाते हैं, आपका हौसला बढ़ाते हैं और आपको ये एहसास दिलाते हैं कि आप अकेले नहीं हैं। ऐसे लोग जिंदगी में खुशी, पॉजिटिविटी और एक अलग तरह का सुकून लेकर आते हैं। चाहे लाइफ का कोई भी फेज हो, इन लोगों की मौजूदगी सब कुछ आसान कर देती है। ऋत्विक ने इंस्टाग्राम पोस्ट में अपने दोस्तों के साथ बिताए कुछ बेहद खास और कैंडिड पल भी शेयर किए। तस्वीरों में ऋत्विक अपने करीबी दोस्तों के साथ नजर आ रहे हैं। इनमें एक्ट्रेस प्रियंका तालुकदार भी शामिल हैं। एक तस्वीर में वह सभी दोस्तों के साथ खड़े होकर कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुराते दिखाई दे रहे हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में वह मस्ती करते हुए नजर आ रहे है। पोस्ट में सबसे खास वीडियो बोनफायर वाला था। उस वीडियो में ऋत्विक दोस्तों के साथ आग के पास बैठकर गिटार बजाते दिख रहे हैं और साथ में डांस भी कर रहे हैं। इस पोस्ट के साथ ऋत्विक ने कैप्शन में लिखा, ”जब आप घर से दूर अपना घर बना लेते हैं। जब आप ऐसे लोगों से मिलते हैं और लगता है जैसे आप उन्हें सदियों से जानते हैं। वो आपके हौसले को ऊपर उठाते हैं। वो आपके दिन को रोशन कर देते हैं। कई बार वो आपको बहुत परेशान भी करते हैं। लेकिन दिन के आखिर में खुशी वहीं होती है जहां वो होते हैं। अगर आपकी जिंदगी में ऐसे लोग हैं तो उन्हें कसकर पकड़ कर रखिए। ऐसे लोग बहुत कम मिलते हैं और उन्हें निभाना भी बहुत मुश्किल होता है। अपने लोगों को अपने करीब रखिए और उन्हें दिखाइए, बताइए कि आप उनसे प्यार करते हैं।” बता दें कि ऋत्विक की क्रिस्टल डिसूजा, निया शर्मा, सुरभि ज्योति, करण वाही, रवि दुबे और सुयश राय जैसे सितारों के साथ बॉन्डिंग काफी पुरानी है। ये सभी अक्सर साथ में घूमते, पार्टी करते और एक-दूसरे के बर्थडे सेलिब्रेट करते नजर आते हैं। फैंस भी इनकी इस दोस्ती को ‘टीवी का सबसे क्यूट गैंग’ कहते हैं।











