डीपीएल 2026: सेंट्रल दिल्ली ने पुरानी दिल्ली को 6 विकेट से हराया, केशव डबास पर लगा जुर्माना

नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के ओपनिंग मैच में अरुण जेटली स्टेडियम में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पुरानी दिल्ली-6 को चार विकेट से हराया। इस मैच के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स के ऑलराउंडर केशव डबास पर उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया। टूर्नामेंट के पहले मैच में विपक्षी बल्लेबाज देव लाकरा को आउट होने के बाद मैदान से बाहर जाने का इशारा करने के लिए केशव पर डीपीएल आचार संहिता के आर्टिकल 2.5 (लेवल 1) के तहत कार्रवाई की गई। लीग की ओर से शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “केशव डबास ने अपनी गलती मान ली और मैच रेफरी मनु नायर द्वारा लगाई गई सजा को स्वीकार कर लिया।” हालांकि, केशव डबास ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 9 गेंदों में 17 रनों की नाबाद पारी खेली और सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 203 रनों के लक्ष्य तक पहुंचाया। हालांकि, इस सफल चेज की नींव कप्तान यश धुल ने 45 गेंदों में 72 रनों की दमदार पारी खेलकर रखी। धुल ने सलामी बल्लेबाज सिद्धार्थ जून (14 गेंदों पर 23 रन) के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दी और महज 5 ओवर में 65 रन जोड़े। रजनीश दादर ने सिद्धार्थ को पंकज जैसवाल के हाथों कैच कराकर पुरानी दिल्ली 6 को पहली सफलता दिलाई। धुल ने युगल सैनी (22 रन) के साथ मिलकर टीम की पारी को आगे बढ़ाया। सैनी 22 रन बनाकर रनआउट हुए। इसके कुछ ही देर बाद जोंटी सिद्धू बिना खाता खोले आउट हो गए, लेकिन धुल ने किंग्स की स्थिति संभाले रखा। यश धुल 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 72 रन बनाने के बाद पंकज जैसवाल का शिकार बने। वंश बेदी की 13 गेंदों पर 28 रनों की तूफानी पारी ने जीत की उम्मीद बनाए रखी, लेकिन उनके आउट होने के बाद किंग्स को मैच खत्म करने के लिए एक और अच्छी पारी की जरूरत थी। दबाव के बावजूद डबास ने संयम बनाए रखा और 19वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर लगातार दो बाउंड्री लगाई। आखिरी ओवर में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 3 रनों की दरकार थी और जसवीर सहरावत ने विनिंग शॉट लगाते हुए पांच गेंद शेष रहते हुए टीम को 4 विकेट से जीत दिलाई। इससे पहले, लीग की शुरुआत ओपनिंग सेरेमनी के साथ हुई, जिसमें सिंगर सुखबीर सिंह और सुनंदा शर्मा ने परफॉर्म किया। मैच में टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पुरानी दिल्ली 6 ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 202 रन लगाए। टीम की ओर से कप्तान अनुज रावत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों में 105 रनों की धमाकेदार पारी खेली। वहीं, देव लाकरा ने 37 गेंदों में 53 रनों की दमदार पारी खेली। 30 के स्कोर पर तीन विकेट खोकर मुश्किल में दिख रही पुरानी दिल्ली 6 की पारी को अनुज और देव ने संभाला और चौथे विकेट के लिए 132 रनों की अहम साझेदारी निभाई। हालांकि, सेंट्रल दिल्ली किंग्स 203 रनों के लक्ष्य को 19.1 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल करने में सफल रही।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link