कोरिया मास्टर्स सुपर 300: अश्मिता चालिहा ने बनाई फाइनल में जगह, कड़े मुकाबले में रक्षिता को हराया

नई दिल्ली। भारत की अश्मिता चालिहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरिया मास्टर्स सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स के फाइनल में अपनी जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में अश्मिता ने हमवतन खिलाड़ी रक्षिता रामराज को शिकस्त दी। भारत की दोनों खिलाडियों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले में कड़ी टक्कर देखने को मिली। सेमीफाइनल मुकाबले का पहला ही गेम रोमांच से भरपूर रहा। हालांकि, कड़े संघर्ष के बाद अश्मिता पहले गेम को 21-13 से अपने नाम करने में सफल रहीं। हालांकि, दूसरे गेम में रक्षिता ने जोरदार वापसी की और गेम को 21-16 से जीतते को स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। हालांकि, तीसरे गेम में अश्मिता ने रक्षिता को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया और उन्होंने गेम को 21-13 से अपने नाम करते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया। फाइनल मुकाबले में अश्मिता चालिहा की भिड़ंत अब चीन की हान कियानक्सी से होगी। अनुभवी अश्मिता ने शुक्रवार को जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हिना अकेची को 20-22, 21-15, 21-19 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। एक अन्य कड़े क्वार्टर फाइनल मुकाबले में, रक्षिता ने चीनी ताइपे ओपन चैंपियन तन्वी शर्मा को 18-21, 21-19, 21-18 से शिकस्त देकर अंतिम चार का टिकट हासिल किया था। पुरुष डबल्स में पृथ्वी के. रॉय और कृष्णा प्रसाद जी की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के मैन वेई चोंग और सोह वूई यिक से 21-7, 21-8 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुई। रविवार को समाप्त होने वाले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 300 सीरीज इवेंट का कुल प्राइज फंड 250,000 अमेरिकी डॉलर है। यह टूर्नामेंट 2007 में शुरू हुआ था और 2010 तक इसे इंटरनेशनल चैलेंज-लेवल टूर्नामेंट (इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट का चौथा लेवल) के तौर पर आयोजित किया गया। इसके बाद 2011 में इसे बीडब्ल्यूएफ ग्रां प्री गोल्ड इवेंट में बदल दिया गया। साल 2017 में ग्रां प्री गोल्ड इवेंट बंद होने के बाद कोरिया मास्टर्स बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 300 का हिस्सा बन गया।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link