महिला एशिया कप के लिए श्रीलंकाई टीम का ऐलान, अयोध्या-विहंगा और विमुक्ति की हुई वापसी

कोलंबो। श्रीलंका क्रिकेट ने एशिया कप के लिए महिला टीम का ऐलान कर दिया है। तेज गेंदबाज मिताली अयोध्या, चेतना विमुक्ति और ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर डेवमी विहंगा की टीम में वापसी हुई है। महिला एशिया कप का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर के बीच यूएई में होना है। मिताली, चेतना और विहंगा हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई टी20 इंटरनेशनल सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थीं। श्रीलंकाई टीम इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम करने में सफल रही थी। इन तीनों खिलाड़ियों को निमाशा मीपेज, मल्की मदारा और रश्मिका सेववंडी की जगह पर टीम में शामिल किया गया है। इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में श्रीलंका डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान पर उतरेगी। टीम ने साल 2024 में इस खिताब को अपने नाम किया था। अनुभवी बैटिंग ऑलराउंडर चमारी अटापट्टू 15 सदस्यीय मजबूत श्रीलंकाई टीम की कप्तानी करेंगी, जबकि बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा को उप-कप्तान बनाया गया है। डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका को ग्रुप बी में बांग्लादेश, मेजबान यूएई और पहली बार खेल रही इंडोनेशिया के साथ रखा गया है। श्रीलंकाई टीम अपने खिताब के बचाव की शुरुआत 29 अगस्त को यूएई के खिलाफ करेगी, इसके बाद 2 सितंबर को टीम का सामना इंडोनेशिया से होगा। ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में श्रीलंका की भिड़ंत 6 सितंबर को बांग्लादेश से होगी। सभी मुकाबले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस बार महिला एशिया कप के सभी मुकाबले टी20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जो 10 और 11 सितंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को होगा। श्रीलंका ने 2024 के फाइनल में सात बार की विजेता भारतीय टीम को चौंकाते हुए दांबुला में अपने घरेलू दर्शकों के सामने अपना पहला एशिया कप खिताब जीता था। टूर्नामेंट का यह 10वां संस्करण है और पहली बार यह प्रतियोगिता यूएई में खेली जा रही है। श्रीलंका टीम: चमारी अटापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, संजना कविंदी, विश्मी गुणरथने, हर्षिता समरविक्रमा (उपकप्तान), कविशा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, हासिनी परेरा, कौशिनी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), देवमी विहंगा, सुगंधिका दासनायका, चामुदी प्रबोदा, चेतना विमुक्ति, काव्या कविंदी और मिताली अयोध्या।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link