लंदन। ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की उप-कप्तान एश्ले गार्डनर ने गुरुवार को अपने चल रहे निजी विवाद पर चुप्पी तोड़ी और लोगों से अपनी गोपनीयता का सम्मान करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने पुष्टि की है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने उन्हें उपकप्तान बनाए रखा है। एश्ले तब से लोगों की नजर में हैं जब उनकी अलग हो चुकी पत्नी मोनिका राइट ने भारत में हुए महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के दौरान हुई घटनाओं को लेकर उन पर बेवफाई के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने इस ऑलराउंडर को उप-कप्तान बनाए रखने के राष्ट्रीय बोर्ड के फैसले पर भी सवाल उठाए थे। एश्ले गार्डनर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम की स्टोरी में लिखा, “हालांकि, मेरी पत्नी से अलग होना एक निजी मामला है, लेकिन मैं समझती हूं कि उपकप्तान के तौर पर मेरे पद को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को मेरे मौजूदा रिश्ते की स्थिति पर बात करनी थी। मैं आभारी हूं कि सीए बोर्ड ने मेरे नेतृत्व को बनाए रखने का फैसला किया है। मैं एक लीडर के तौर पर अहम भूमिका निभाने और आने वाले सीजन में अपनी टीम की साथियों को हर संभव मदद देने के लिए उत्साहित हूं।” एश्ले और मोनिका ने अप्रैल 2025 में शादी की थी, लेकिन पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप के दौरान उनके रिश्ते में खटास आ गई। सिडनी में अपने घर से निकलने के कुछ महीनों बाद, मोनिका ने आरोप लगाया कि एश्ले का अपनी साथी ओपनर जॉर्जिया वॉल के साथ अफेयर चल रहा था। “मैं उस समय के लिए आभारी हूं जो मैंने और मोनिका ने साथ बिताया और इस वजह से हुए दुख के लिए माफी मांगती हूं। मैं भविष्य में उनके लिए केवल खुशी और सफलता की कामना करती हूं। मैं इस समय इस मामले पर कोई और सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करूंगी और लोगों से अपील करती हूं कि इसमें शामिल लोगों की गोपनीयता का सम्मान किया जाए।” सीए ने पहले ही साफ कर दिया था कि एश्ले और मोनिका के बीच का विवाद एक निजी मामला है। बोर्ड ने कहा कि टीम की अखंडता की रक्षा के लिए उसकी ‘रिस्पेक्ट एट वर्क’ पॉलिसी के तहत हितों के टकराव से जुड़े नियम लागू किए गए थे। एश्ले गार्डनर की महिला बिग बैश लीग फ्रेंचाइजी सिडनी सिक्सर्स ने भी इस ऑफ-स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर को अपना पूरा समर्थन दिया है।











