मुंबई। रियलिटी शो ‘एलायंस’ का सफर खत्म हो चुका है, लेकिन शो से जुड़े कई ऐसे पल हैं जिन्हें कंटेस्टेंट शायद लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे। इन्हीं में से एक पल था, जब बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान ने शो में पहुंचकर कंटेस्टेंट्स से मुलाकात की। शो की रनर-अप रहीं रूही दोसानी और नाइजीरियाई इन्फ्लुएंसर अगु स्टेनली ने इस मुलाकात को किसी सपने के सच होने जैसा बताया। रूही ने आईएएनएस से खास बातचीत में इस मुलाकात को याद करते हुए बताया कि सलमान के साथ बिताया वह समय उनके लिए शो ही नहीं, बल्कि जिंदगी के सबसे खास पलों में से एक बन गया। आईएएनएस से बात करते हुए रूही ने कहा, ”शो के दौरान मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि सलमान खान अचानक वहां आएंगे और कंटेस्टेंट्स के साथ बातचीत करेंगे। उनका शो में आना मेरे लिए पूरी तरह से सरप्राइज था। यह मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा पल था। मैं सलमान खान की बहुत बड़ी फैन रही हूं और उन्हें इतने करीब से देखने का मौका मिलना मेरे लिए बेहद खास था।” सलमान के साथ हुई मुलाकात के दौरान रूही को उन्हें गले लगाने का मौका भी मिला। अभिनेत्री ने इस पल को अपने लिए ‘ड्रीम मोमेंट’ बताया। उन्होंने कहा, ”मैं इस याद को हमेशा अपने साथ रखूंगी। सलमान के सामने आने के बाद मैं इतनी उत्साहित और हैरान थीं कि कुछ पल के लिए समझ ही नहीं आया कि कैसे प्रतिक्रिया दूं। मैं इस अनुभव के लिए खुद को बेहद खुशकिस्मत मानती हैं। यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।” रूही ने सलमान के व्यक्तित्व और उनके ह्यूमर की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ”उनका ह्यूमर शानदार है और व्यक्तित्व बिल्कुल अलग हैं। मैं शॉक में थी, लेकिन मैं बहुत आभारी हूं कि हमें उनके साथ एक ही जगह पर रहने का मौका मिला। सलमान की मौजूदगी का असर ऐसा था कि मैं काफी देर तक उस पल को महसूस करती रहीं।” अपने अनुभव को याद करते हुए रूही ने बेहद उत्साहित अंदाज में कहा, ”मैंने ‘एलायंस’ जैसा शो किया और मुझे सलमान खान को गले लगाने का मौका मिला, अब आपको और क्या चाहिए?” वहीं, ‘एलायंस’ के एक और कंटेस्टेंट और नाइजीरियाई इन्फ्लुएंसर अगु स्टेनली के लिए भी सलमान खान से मिलना बेहद खास अनुभव रहा। अगु ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि सलमान के सामने आते ही उन्हें और बाकी कंटेस्टेंट्स को सचमुच रोंगटे खड़े होने जैसा एहसास हुआ। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके शरीर पर ज्यादा बाल भी नहीं हैं, फिर भी सलमान से मिलने के बाद उन्हें गूसबंप्स हो गए। अगु ने कहा, ”सलमान खान से मिलकर मुझे बहुत मजा आया और मैं बहुत खुश हूं कि मैंने इस मुलाकात को अपने जीवन में सच होते देखा।” ‘एलायंस’ में अगु ने अपनी एक और खासियत से दर्शकों का ध्यान खींचा था। नाइजीरियाई इन्फ्लुएंसर ने शो में हिंदी, मराठी, भोजपुरी और गुजराती बोलकर सभी को हैरान कर दिया था। अगु के मुताबिक, उन्होंने इन भाषाओं को फिल्मों और उनके जरिए मिलने वाले अनुभव से सीखा है।











