लातविया में शक्तिशाली तूफान ने मचाई तबाही, देशभर में ऑरेंज अलर्ट

 रीगा। लातविया में एक शक्तिशाली तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण बड़ी संख्या में पेड़ उखड़ गए और बिजली वितरण नेटवर्क को गंभीर नुकसान पहुंचा। इसके चलते 1.60 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। यह शक्तिशाली चक्रवात दक्षिण दिशा से लातविया में दाखिल हुआ और शनिवार शाम को भारी बारिश तथा तेज हवाएं लेकर आया। लातवियाई समाचार एजेंसी ‘लेटा’ ने इसे जनवरी 2005 के बाद देश में आया सबसे विनाशकारी तूफान बताया है। मध्य लातविया के कुछ इलाकों में सिर्फ एक दिन में ही महीनेभर की औसत बारिश का लगभग आधा हिस्सा रिकॉर्ड किया गया। स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, लातविया के पर्यावरण, भूविज्ञान और मौसम विज्ञान केंद्र (एलईजीएमसी) ने शनिवार को मध्य और पश्चिमी लातविया में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी रखा। वहीं, तेज हवा के झोंकों को देखते हुए लगभग पूरे देश के लिए ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया। लातविया की रेलवे कंपनी ने बताया कि खराब मौसम के कारण शनिवार शाम कई ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं और उनमें देरी हुई। बिजली वितरण प्रणाली ऑपरेटर ‘साडालेस टिक्ल्स’ के अनुसार, रात 9 बजे तक लगभग 1.60 लाख ग्राहक बिजली के बिना थे। ज्यादातर नुकसान पेड़ों के गिरने से हुआ है। आपातकालीन टीमें बिजली बहाल करने के लिए लगातार काम कर रही हैं। कंपनी ने कहा कि बिजली नेटवर्क को काफी व्यापक और जटिल नुकसान पहुंचा है, इसलिए मरम्मत का काम सामान्य से ज्यादा समय ले सकता है। कुछ क्षेत्रों में लोगों को 24 घंटे से भी अधिक समय तक बिजली के बिना रहना पड़ सकता है। लातविया की राज्य अग्निशमन और बचाव सेवा ने बताया कि शाम के दौरान मौसम से जुड़ी आपातकालीन कॉलों की संख्या तेजी से बढ़ी। इनमें ज्यादातर शिकायतें तेज हवाओं से पेड़ गिरने और सड़कों के अवरुद्ध होने की थीं। एलईजीएमसी ने शुक्रवार को रीगा और देश के अन्य हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर रेड, ऑरेंज और येलो चेतावनियां जारी की थीं। इसके बाद लातविया में कई बाहरी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। शनिवार को स्थानीय प्रशासन ने मोबाइल अलर्ट संदेशों के जरिए लोगों को बार-बार भारी बारिश और तेज हवाओं के बारे में चेतावनी दी और सतर्क रहने की सलाह दी।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link