अपने ही शहर में टूरिस्ट बनीं श्रद्धा कपूर, मुंबई की सड़कों से लेकर खाने तक की दिखाई झलक

 मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी सादगी और चुलबुले अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर अपने फैंस के साथ अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी छोटी-छोटी झलकियां साझा करती रहती हैं। कभी वह अपने परिवार के साथ बिताए पलों की तस्वीरें दिखाती हैं, तो कभी अपने सफर और पसंदीदा चीजों से फैंस को रूबरू कराती हैं। अब श्रद्धा ने अपने ही शहर मुंबई को एक टूरिस्ट की नजर से देखने की कोशिश की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा किए, जिनमें वह मुंबई की गलियों में घूमती और शहर के अलग-अलग रंगों को महसूस करती नजर आ रही हैं। श्रद्धा कपूर की ओर से इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। पोस्ट में एक तस्वीर उनकी गाड़ी के अंदर की है, जिसमें वह सेल्फी लेती नजर आ रही हैं। इसके अलावा वह एक रेस्टोरेंट में बैठी हुई भी दिखाई दे रही हैं। एक अन्य तस्वीर में खाने से सजी पूरी टेबल नजर आ रही है, जिसमें टेस्टी खानों से भरी थालियां रखी हुई हैं। इसके साथ ही उन्होंने गाड़ी से बनाए गए दो वीडियो भी साझा किए। पहले वीडियो में मुंबई का हाईवे दिखाई देता है। सामने चौड़ी सड़क और उसके दोनों ओर ऊंची-ऊंची इमारतें नजर आ रही हैं। दूसरे वीडियो में सड़क किनारे लगा हुआ कपड़ों का बाजार दिखाई देता है। इस बाजार में काफी भीड़ नजर आ रही है और लोग दुकानों पर खरीदारी करते दिख रहे हैं। इस पोस्ट के साथ श्रद्धा ने लिखा, “खुद की सिटी में टूरिस्ट बने हो कभी?” श्रद्धा कपूर के फिल्मी सफर की बात करें तो उन्होंने साल 2010 में फिल्म ‘तीन पत्ती’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। हालांकि उन्हें असली पहचान साल 2013 में आई फिल्म ‘आशिकी 2’ से मिली। इस फिल्म में उन्होंने आरोही का किरदार निभाया था और उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके बाद वह ‘एक विलेन’ में नजर आईं, जिसमें उनके साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा और रितेश देशमुख थे। उन्होंने ‘हैदर’, ‘एबीसीडी 2’, ‘बागी’, ‘रॉक ऑन 2’, ‘ओके जानू’, ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ और ‘स्त्री’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। ‘स्त्री’ में उनका रहस्यमयी किरदार दर्शकों को काफी पसंद आया। इसके बाद वह ‘साहो’, ‘छिछोरे’, ‘बागी 3’ और ‘तू झूठी मैं मक्कार’ जैसी फिल्मों का हिस्सा बनीं। वहीं ‘स्त्री 2’ की सफलता ने भी श्रद्धा कपूर की लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link