आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम से पहले ह‍िंदू संगठनों ने जारी क‍िया सुरक्षा अलर्ट

वॉशिंगटन। न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के संबोधन से पहले दो हिंदू-अमेरिकी संगठनों ने सुरक्षा संबंधी सलाह जारी की है। इन संगठनों ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों और न्यूयॉर्क के हिंदू संस्थानों से सतर्क रहने की अपील की है क्योंकि कार्यक्रम के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं और इसे रद्द करने की मांग भी उठ रही है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (एचएएफ) ने 29 अगस्त को होने वाले ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ में शामिल होने वाले लोगों के लिए बुधवार (स्थानीय समयानुसार) एक ‘कम्युनिटी एडवाइजरी अलर्ट’ जारी किया। एचएएफ ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “सतर्क रहें, अपने आसपास की स्थिति पर नजर रखें और सभी से शांतिपूर्ण और सभ्य तरीके से व्यवहार करें।” संगठन ने कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को बाधित करने और रद्द करवाने की कोशिश की है। उसने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से अपील की कि वे अपने दायित्व का पालन करते हुए सभी न्यूयॉर्क निवासियों, कार्यक्रम में आने वाले लोगों सहित, की सुरक्षा और उनके नागरिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करें। हालांकि, एचएएफ ने किसी विशेष खतरे का उल्लेख नहीं किया और न ही यह कहा कि कानून-व्यवस्था एजेंसियों ने किसी सुरक्षा जोखिम की पुष्टि की है। संगठन ने लोगों को सलाह दी कि वे दूसरों के इकट्ठा होने, विरोध प्रदर्शन करने और अपनी राय व्यक्त करने के अधिकारों का सम्मान करें। साथ ही, उकसाने वाले या धमकी भरे बयान देने वाले लोगों से किसी तरह के टकराव से बचने को कहा। एडवाइजरी में कहा गया, “अगर आपको किसी तरह का खतरा महसूस हो, तो वहां से हट जाएं और कार्यक्रम की सुरक्षा टीम या पुलिस से संपर्क करें। आपात स्थिति में 911 पर कॉल करें।” एचएएफ ने प्रतिभागियों से धमकी, तोड़फोड़, कथित घृणा-आधारित घटनाओं या किसी अन्य अपराध की जानकारी सुरक्षा कर्मियों या कानून-व्यवस्था एजेंसियों को देने की अपील की। संगठन ने न्यूयॉर्क के हिंदू मंदिरों और सामुदायिक केंद्रों से भी बड़े कार्यक्रमों के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा। एक अन्य संगठन हिंदूएसीटीऑन ने भी इसी तरह की सलाह जारी की। संगठन ने न्यूयॉर्क के हिंदू समुदाय और भागवत की यात्रा से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों से कहा कि वे किसी भी धमकी, उत्पीड़न या भेदभावपूर्ण व्यवहार का रिकॉर्ड रखें। संगठन ने कहा, “ऐसी घटनाओं की जानकारी तुरंत न्यूयॉर्क पुलिस और संबंधित अधिकारियों को दें। सुरक्षित रहें और एक-दूसरे का ध्यान रखें।” यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब अमेर‍िकी कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम (यूएससीआईआरएफ) ने भागवत की यात्रा पर चिंता जताई है और अमेरिकी सरकार से आरएसएस के सदस्यों तथा कुछ भारतीय अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाने पर विचार करने का आग्रह किया है। भारत पहले भी यूएससीआईआरएफ की धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़ी रिपोर्टों और आकलनों को पक्षपातपूर्ण बताते हुए उन्हें अपने आंतरिक मामलों में दखल करार दे चुका है। इस बीच, सिएटल सिटी काउंसिल की पूर्व सदस्य क्षमा सावंत ने भी मेयर ममदानी से मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले कार्यक्रम को रोकने की मांग की है। उन्होंने हिंदू मानवाधिकार संगठन, इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल और अन्य संगठनों का धन्यवाद किया, जो इस कार्यक्रम के विरोध में अभियान चला रहे हैं। मेयर ममदानी ने कहा है कि वे इस कार्यक्रम के विरोध में हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार शहर प्रशासन के पास है या नहीं।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link