जम्मू-कश्मीर में हुआ 29वीं सब-जूनियर नेशनल सेपक टाकरा चैंपियनशिप का आगाज

श्रीनगर। 29वीं सब-जूनियर नेशनल सेपक टाकरा चैंपियनशिप का आयोजन जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हो रहा है। इस चैंपियनशिप में 30 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 800 से ज्यादा खिलाड़ी और कोच शामिल हुए हैं। चैंपियनशिप में जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व कर रहे नुमान सोफी ने बताया कि रविवार को टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। यह टूर्नामेंट 6 सितंबर से 10 सितंबर तक खेला जाएगा। नुमान ने ‘आईएएनएस’ के साथ बात करते हुए बताया, “हम इस टूर्नामेंट को जम्मू-कश्मीर यही सोचकर लेकर आए हैं कि इस खेल को यहां ज्यादा खेला या इसका आनंद नहीं लिया जाता है। हम चाहते हैं कि इस खेल को जम्मू-कश्मीर में सेलिब्रेट किया जाए, क्योंकि यह एक मशहूर खेल है। यह खेल मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स द्वारा मान्यता प्राप्त खेल है। इसके साथ ही एशियन गेम्स और खेलो इंडिया की स्कीम में भी यह खेल शामिल है। ऐसे में हमारी यही कोशिश है कि श्रीनगर में भी यहां बच्चे इस खेल को समझे और इसका लुत्फ उठाएं।” उन्होंने आगे कहा, “हमारे इस नेशनल चैंपियनशिप में 30 से भी ज्यादा राज्य/केंद्र शासित प्रदेश के एक हजार से अधिक एथलीट, रेफरी, कोच और मैनेजर हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ ही हमारे इस टूर्नामेंट को घर से देख रहे सभी बच्चों के लिए यही संदेश है कि वह सभी किसी न किसी खेल से जुड़े, ताकि वह नशे या इस तरह की दूसरी चीजों से दूर रह सकें।” बिहार से इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पहुंचे शुभांशु कुमार ने बताया कि वह चार साल से इस खेल को खेलते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस खेल के जरिए खिलाड़ी खेल कोटे से नौकरी हासिल कर सकते हैं और अपने सपने साकार कर सकते हैं। जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी अफान शिरास ने इस खेल की तारीफ की। उन्होंने बताया कि इस खेल में कोर्ट पर दोनों तरफ तीन-तीन खिलाड़ी होते हैं। उन्होंने बच्चों से इस खेल के प्रति दिलचस्पी दिखाने की भी अपील की। पिछले सीजन उत्तर प्रदेश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब को अपने नाम किया था। टीम इस बार अपने खिताब का बचाव करना चाहेगी।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link