सैमसंग इंडिया ने कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स बिजनेस में की छंटनी

 नई दिल्ली। सैमसंग इंडिया ने टेलीविजन और होम एप्लायंसेज बिजनेस में छंटनी की है। इसकी वजह कंपनी की बढ़ती लागत, कम होती मांग और संस्थागत पुनर्गठन के बीच लागत कम करने की कोशिश है। यह जानकारी कई रिपोर्ट्स में दी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्मचारियों की संख्या में कटौती का असर अलग-अलग लेवल के कर्मचारियों पर पड़ रहा है, जिनमें डायरेक्टर, टीम लीडर, ब्रांच मैनेजर और एरिया मैनेजर शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, यह छंटनी कई चरणों में की जा रही है और पिछले कुछ दिनों में कर्मचारियों को नौकरी से निकालने के लेटर जारी किए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ कर्मचारियों से कहा गया है कि वे बिना नोटिस पीरियड पूरा किए तुरंत नौकरी छोड़ दें। संपर्क करने पर सैमसंग ने ऐसी रिपोर्ट्स पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। इसके अलावा, सैमसंग प्रभावित कर्मचारियों को एक सेवरेंस पैकेज दे रहा है, जिसमें तीन महीने की सैलरी और नौकरी के हर पूरे साल के लिए एक महीने की अतिरिक्त सैलरी शामिल है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां कम मांग और बढ़ती लागत से जूझ रही हैं। साथ ही, रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेमोरी चिप की ऊंची कीमतें, कच्चे माल की बढ़ती लागत और भारतीय रुपये की कीमत में गिरावट जैसे कारणों से ऑपरेटिंग खर्च बढ़ गए हैं। इसके अलावा, भारत में स्मार्टफोन शिपमेंट में सालाना आधार पर लगभग 12 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसी तरह, कुछ इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि 2026 में भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में सालाना आधार पर लगभग 13 प्रतिशत की गिरावट आएगी, हालांकि दूसरी छमाही में पहली छमाही के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है क्योंकि त्योहारी सीजन की मांग से कुछ सहारा मिलेगा। सैमसंग ने अपनी टेलीविजन और होम अप्लायंस सेल्स टीमों को एक साथ लाने की योजना भी बनाई थी, हालांकि खबरों के मुताबिक इस कदम को दिसंबर तिमाही तक टाल दिया गया है। सैमसंग इंडिया ने वित्त वर्ष 25 में 1.1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की आय और 11,287 करोड़ रुपए का मुनाफा दर्ज किया। इसके अतिरिक्त, एक रिपोर्ट में बताया गया है कि 2026 के आखिर तक ग्लोबल फोल्डेबल स्मार्टफोन शिपमेंट के कुल 100 मिलियन यूनिट्स से ज्यादा होने की उम्मीद है। यह इस कैटेगरी के लिए एक बड़ा माइलस्टोन है, क्योंकि पहला कमर्शियली उपलब्ध फोल्डेबल फोन आठ साल पहले लॉन्च हुआ था।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link