40 के हुए अमोल पाराशर, जन्मदिन पर बोले-‘समय और आकर्षण किसी भी तोहफे से ज्यादा कीमती’

 मुंबई। एक्टर अमोल पाराशर उन एक्टर्स में से हैं, जिन्होंने अपने काम के जरिए धीरे-धीरे दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाई है। फिल्मों से लेकर वेब सीरीज तक, उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं और हर बार अपनी एक्टिंग से लोगों का ध्यान खींचा है। गुरुवार को अमोल अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस दिन को लेकर उन्होंने बताया कि उनके लिए किसी महंगे गिफ्ट से ज्यादा किसी खास का समय और साथ मायने रखता है। आईएएनएस से बातचीत में अमोल ने कहा, ”इस साल भी मैंने अपने जन्मदिन के लिए कोई खास प्लान नहीं बनाया है। मैं अपने करीबियों और खुद के साथ वक्त बिताना चाहता हूं। मैं इस दिन को आराम करने, बीते समय को याद करने और आने वाले साल के लिए खुद को मानसिक रूप से तैयार करने के तौर पर देखता हूं। मैं अपने जन्मदिन पर बाकी दिनों की तरह भागदौड़ में रहने के बजाय थोड़ा रुकना और खुद को समय देना पसंद करता हूं।” जब आईएएनएस ने उनसे पूछा कि उनके जन्मदिन पर किसी की तरफ से की गई सबसे प्यारी चीज क्या रही, तो अमोल ने कहा, ”मेरे लिए सबसे खास चीज किसी का समय है। किसी व्यक्ति का समय और अटेंशन देना किसी भी तोहफे से ज्यादा कीमती होता है। मैं उन दोस्तों और करीबियों का आभारी हूं, जो मेरे साथ समय बिताने के लिए अपना दिन निकालते हैं और मेरी पसंद के मुताबिक वक्त बिताते हैं।” काम की बात करें तो अमोल पाराशर हाल ही में अपनी लोकप्रिय सीरीज ‘ग्राम चिकित्सालय’ के दूसरे सीजन में नजर आए हैं। सीरीज में उन्होंने डॉक्टर प्रभात का मुख्य किरदार निभाया है। कहानी ग्रामीण इलाकों की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी कई वास्तविक समस्याओं को सामने लाती है। ‘ग्राम चिकित्सालय’ सीजन 2 में अमोल के साथ आकाश मखीजा, आनंदेश्वर द्विवेदी, विनय पाठक, आकांक्षा रंजन कपूर, गरिमा विक्रांत सिंह और दिनेश लाल यादव भी अहम भूमिकाओं में हैं। सीरीज का निर्देशन ललितम तिवारी ने किया है, जबकि इसे वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखा है। यह सीरीज प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link