बाबा रामदेव और स्वामी चिदानंद सरस्वती ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की बधाई

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को योग गुरु बाबा रामदेव ने जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में भारतीय होने पर गर्व की अनुभूति होती है और प्रधानमंत्री मोदी को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मान भी भारत के बढ़ते प्रभाव को दर्शाते हैं। बाबा रामदेव ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में नल से जल, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत अभियान और गरीबों को आवास जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि करीब 56 करोड़ नल कनेक्शन, करीब 80 करोड़ लोगों के लिए खाद्य सुरक्षा, आयुष्मान भारत के तहत करीब 44 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुविधा, 12 करोड़ शौचालय और 4 करोड़ गरीब परिवारों को घर उपलब्ध कराना बड़ी उपलब्धियां हैं। बाबा रामदेव ने देश में तेजी से बन रहे हाईवे, हवाई अड्डों और अन्य बुनियादी ढांचों का भी जिक्र किया। हरिद्वार से दिल्ली की यात्रा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जहां पहले छह से आठ घंटे तक लग जाते थे, वहीं अब करीब ढाई घंटे में सफर पूरा हो जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दीर्घायु, स्वस्थ जीवन और राष्ट्रसेवा के लिए मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हर देशवासी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। वहीं, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने पीएम को बधाई देते हुए कहा कि आज मां गंगा के पावन तट परमार्थ निकेतन हिमालय उत्तराखंड की धरती से आधुनिक भारत के विश्वकर्मा भारत के माननीय यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की ढेर सारी मंगलकामनाएं। मां गंगा से प्रार्थना है कि वह आपको दीर्घायु दिव्यायु, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करती रहे। स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि आज भगवान विश्वकर्मा की भी जयंती है, उनकी कृपा से आपके (पीएम) जीवन में समाज और सबके जीवन में सुख, समृद्धि, आनंद, उत्साह, उल्लास, उमंग, सफलता, और प्रसन्नता की वर्षा सदैव होती रहे। मैं आपसे (प्रधानमंत्री) कहना चाहता हूं कि विश्व के ग्लोब पर भारत की चमक आज जिस रूप में दिखाई दे रही है, वह पहले कभी नहीं थी। स्वामी चिदानंद सरस्वती ने आगे कहा, “आज दुनिया भारत को भारत के चश्मे से भारत के एंगल से और भारत की दृष्टि से देखने लगी है, किसी राष्ट्र की पहचान केवल उसकी सीमाओं से नहीं होती, राष्ट्र की पहचान होती है उसके विचारों से संस्कारों से उसके समर्थ से और विश्व के प्रति उसकी दृष्टि से होती है और मुझे कोई संकोच नहीं है कहने में कि 2014 के बाद भारत की वैश्विक यात्रा में एक बड़ा अद्भुत परिवर्तन दिखाई देता है, उसके लिए हमारे भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री को बहुत बड़ा श्रेय जाता है।”

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link