पिता मुराद को याद कर इमोशनल हुए रजा मुराद, लिखा-मैं जो कुछ भी हूं उनकी वजह से हूं

मुंबई। अभिनेता रजा मुराद ने गुरुवार को अपने पिता और दिग्गज अभिनेता मुराद की 115वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के लिए उनके द्वारा किए गए बलिदानों को याद किया। अभिनेता रजा मुराद ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता की कुछ तस्वीर पोस्ट कीं, जिसमें छोटे रजा अपने पिता की गोद में दिख रहे हैं, जबकि दिग्गज अभिनेता सूट पहने कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुरा रहे हैं। रजा ने इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट के साथ शेयर किया। उन्होंने लिखा, “आज मेरे पिता मुराद का 115वां जन्मदिन है (24 सितंबर 1911)। उनकी गोद में जो छोटा बच्चा है, वो आपका दोस्त रजा मुराद है।” अभिनेता ने आगे लिखा, “मैं आज जो कुछ भी हूं, वो उनकी मेहनत और आशीर्वाद की वजह से हूं। उन्होंने हमारे परिवार की परवरिश के लिए अकेले बहुत संघर्ष किया, क्योंकि वो ही घर में कमाने वाले इकलौते सदस्य थे। उन्हें हमारा पूरा परिवार और उनके लाखों फैंस हमेशा याद करेंगे क्योंकि वो 40, 50 और 60 के दशक के एक मशहूर अभिनेता थे।भगवान उनकी नेक आत्मा को शांति दे। आमीन।” अभिनेता रजा मुराद के पिता मुराद का असल नाम हामिद अली मुराद था लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में वह मुराद नाम से ही जाने जाते थे। वह भारतीय सिनेमा के एक सम्मानित कैरेक्टर आर्टिस्ट थे। मुराद ने अपने करियर में 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उनकी फिल्में 1940 से 1980 के बीच की हैं। इसलिए उन्हें अंग्रेजों के जमाने का अभिनेता भी कहा जाता था। तीन दशकों तक चले अपने करियर में मुराद ने कई तरह के सहायक किरदार निभाए, जिनमें पिता, जज, पुलिस अफसर, जमींदार, राजा और दूसरी रुतबेदार भूमिकाएं शामिल थीं। उनकी कुछ खास फिल्मों में 1946 में अनमोल घड़ी, 1949 में अंदाज, 1952 में आन, 1953 में दो बीघा जमीन, 1955 में देवदास, 1958 में यहूदी, 1960 में मुगल-ए-आजम, 1963 में ताजमहल, 1973 में यादों की बारात और 1978 में गंगा की सौगंध शामिल हैं। उनकी यादगार अदाकारी में से एक बिमल रॉय की फिल्म दो बीघा जमीन थी, जिसमें उन्होंने जमींदार ठाकुर हरनाम सिंह का किरदार निभाया था। देवदास में उन्होंने देवदास के पिता का रोल किया था जबकि के. आसिफ की मुगल-ए-आजम में उन्होंने राजा मान सिंह का किरदार निभाया था। उन्होंने 1962 में हॉलीवुड फिल्म टार्जन गोज टू इंडिया में भी काम किया था, जिसमें उन्होंने एक महाराजा की भूमिका निभाई थी।अभिनेता का अप्रैल 1997 में मुंबई में निधन हो गया था।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link