मोहित मलिक ने बताया खुशहाल रिश्ते का मंत्र, बोले- पार्टनर से बात करते रहें, साथ बढ़ते रहें

 मुंबई। अभिनेता मोहित मलिक अभिनय में अपनी सक्रियता के साथ परिवार को समय देने से पीछे भी नहीं हटते हैं। अभिनेता ने बताया कि वे और पत्नी आपसी बातचीत के जरिए साथ में आगे बढ़ते हैं। मोहित मलिक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने रोजमर्रा की जिंदगी की एक झलक शेयर करते हुए बताया कि दोनों का हर रात एक कप चाय पर साथ बैठकर अपनी जिंदगी के बारे में बात करने का रिवाज है। उन्होंने लिखा, “हर रात एक कप चाय पर, मैं और अदिति बातें करते हैं। कभी अपने दिन के बारे में, जिंदगी के बारे में, कभी ऐसी बातें जो हमें परेशान कर रही हों, तो कभी उन बातों के बारे में जिन्हें हम ठीक से कह भी नहीं पाते।” मोहित ने कहा कि उनकी बातचीत में अक्सर एक-दूसरे से सवाल करना, असहमत होना, सुनना और दूसरे के नजरिए को समझने की कोशिश करना शामिल होता है। उन्होंने बताया कि सालों बाद उन्हें एहसास हुआ है कि साथ बढ़ने का मतलब हर बात पर एक ही राय होना नहीं है। उन्होंने लिखा, “इन सालों में हमें समझ आया है कि साथ रहने का मतलब एक दूसरे की बातों से सहमत होना नहीं है, बल्कि एक ऐसी जगह बनाना जहां हम दोनों एक-दूसरे को सुन पाए, एक-दूसरे के हो सके। ये छोटा सा रिवाज सालों से हमारी जिंदगी का हिस्सा है और अब हम इसका एक हिस्सा आपके साथ शेयर करना चाहते हैं। इसलिए नहीं कि हमने रिश्तों को समझ लिया है, बल्कि इसलिए क्योंकि हम अभी साथ-साथ इसे समझ रहे हैं। चीनी कितनी चम्मच। बात करते रहें, साथ बढ़ते रहें।” मोहित मलिक और अदिति शिरवाइकर भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री के जाने-माने और सबसे लोकप्रिय कपल्स में से एक हैं। दोनों की मुलाकात टीवी शो ‘मिली’ के सेट पर हुई थी, जहां दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर प्यार। मोहित ने 1 अप्रैल 2006 को अदिति को प्रपोज किया था और लंबी डेटिंग के बाद 1 दिसंबर 2010 को दोनों शादी के बंधन में बंधे। शादी के करीब 10 साल बाद 27 अप्रैल 2021 को दोनों ने बेटे एकबीर का स्वागत किया।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link