सत्यदेव, राम्या कृष्णन और फारिया अब्दुल्ला की वेब सीरीज ‘ट्रायल एंड एरर’ का आगाज

हैदराबाद। निर्देशक राजेश सेल्वा की आने वाली वेब सीरीज ‘ट्रायल एंड एरर’ को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। इसमें सत्यदेव, राम्या कृष्णन और फारिया अब्दुल्ला लीड रोल में है। इस सीरीज का काम पारंपरिक पूजा समारोह के साथ शुरू हो गया है। सीरीज के लॉन्च के मौके पर मशहूर निर्माता अल्लू अरविंद भी खास तौर पर मौजूद रहे। ‘ट्रायल एंड एरर’ को शरत मारार की प्रोडक्शन कंपनी नॉर्थस्टार एंटरटेनमेंट बना रही है। सीरीज में कई जाने-माने कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके साथ ही मेकर्स दर्शकों को एक नई कहानी और अलग तरह का अनुभव देने की तैयारी में हैं। हालांकि, फिलहाल सीरीज की कहानी और इसके किरदारों को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। इस वेब सीरीज का निर्देशन राजेश सेल्वा कर रहे हैं। वह अभिनेता और निर्माता कमल हासन के लंबे समय से सहयोगी रहे हैं। राजेश सेल्वा को साल 2015 में आई थ्रिलर फिल्म ‘थूंगावनम’ के निर्देशन के लिए जाना जाता है। यह फिल्म तमिल और तेलुगु में बनी थी। तेलुगु में इसे ‘चीकटि राज्यम’ नाम से रिलीज किया गया था। फिल्म में कमल हासन और तृषा कृष्णन मुख्य भूमिकाओं में थे। यह फिल्म साल 2011 में आई फ्रेंच फिल्म ‘स्लीपलेस नाइट’ का रीमेक थी। अब राजेश सेल्वा अपनी नई वेब सीरीज के जरिए दर्शकों के सामने एक और कहानी पेश करने जा रहे हैं। अभिनेता सत्यदेव इस सीरीज में मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। सीरीज से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इसमें उनका किरदार काफी चुनौतीपूर्ण होगा। इससे पहले वह निर्देशक वेंकटेश महा की साइकोलॉजिकल ड्रामा फिल्म ‘राव बहादुर’ में दिखाई दिए थे। सत्यदेव, राम्या कृष्णन और फारिया अब्दुल्ला के अलावा, इस वेब सीरीज में विराज अश्विन, चैतन्य कृष्ण, वर्षा बोलम्मा, यश पुरी, संपत राज और सुब्बाराजू भी नजर आएंगे। सीरीज की कहानी, रिलीज डेट और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से जुड़ी जानकारी अभी सामने आना बाकी है।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link