अमेरिका के एडमिरल पापारो ने वाइस एडमिरल विनीट मैककार्टी से की मुलाकात

नई दिल्ली भारत और अमेरिका ने अपने रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अमेरिका की पैसिफिक कमांड के प्रमुख एडमिरल सैमुअल पापारो ने अंडमान और निकोबार कमान के कमांडर-इन-चीफ वाइस एडमिरल विनीत मैकार्टी से मुलाकात की है। इस दौरान दोनों देशों के रक्षा बलों के बीच निरंतर सहयोग पर चर्चा हुई। भारत में अमेरिकी दूतावास ने सोमवार को इस मुलाकात की जानकारी दी। दरअसल यह बैठक ऐसे समय हुई, जब एडमिरल पापारो जापान की यात्रा पर जा रहे थे। अमेरिकी दूतावास ने इसे भारत-अमेरिका की प्रमुख रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में जारी प्रयासों का हिस्सा बताया। दूतावास ने अपने संदेश में कहा कि भारत-अमेरिका की प्रमुख रक्षा साझेदारी लगातार आगे बढ़ रही है। दोनों देशों के रक्षा बलों के बीच सहयोग बढ़ाने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए मिलकर काम किया जा रहा है। एडमिरल पापारो की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा और सामरिक सहयोग को मजबूत करने से जुड़े मुद्दे भी चर्चा में रहे। इस बैठक में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने और क्षेत्रीय तथा वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। इसके साथ ही उन्होंने कुछ दिन पहले भारत के वरिष्ठ रक्षा व सैन्य अधिकारियों से भी पापारो ने मुलाकात की थी। दरअसल भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बीते दिनों नई दिल्ली स्थित रूजवेल्ट हाउस में एडमिरल पापारो की मेजबानी की थी। इस कार्यक्रम में भारत के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी शामिल हुए। इन बैठकों के माध्यम से दोनों देश रक्षा संबंधों को मजबूत करने और साझा सुरक्षा हितों पर संवाद जारी रखने पर जोर दे रहे हैं। गौरतलब है कि अंडमान और निकोबार कमान भारत की एकमात्र संयुक्त सैन्य संचालन कमान है। इसमें थल सेना, नौसेना और वायु सेना की क्षमताएं एक साथ काम करती हैं। हिंद महासागर और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत के समुद्री हितों की सुरक्षा के लिहाज से इस कमान की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में अमेरिकी प्रशांत कमान के प्रमुख और अंडमान-निकोबार कमान के प्रमुख के बीच हुई बातचीत दोनों देशों के सैन्य संपर्कों का अहम हिस्सा है। भारत और अमेरिका अपनी प्रमुख रक्षा साझेदारी के तहत सैन्य सहयोग को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। ताजा मुलाकात ने भी दोनों देशों के बीच रक्षा बलों के संपर्क और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर संवाद को फिर रेखांकित किया है।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link