प्रयागराज। नीलम करवरिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण में बुधवार को इलाहाबाद पश्चिम ने इलाहाबाद दक्षिण को आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। वहीं, दूसरे मुकाबले में इलाहाबाद उत्तरी ने रोमांचक संघर्ष में कोरांव विधानसभा को महज एक रन से पराजित किया। इलाहाबाद पश्चिम की जीत में आदित्य राज तिवारी और सागर शर्मा ने अहम भूमिका निभाई, जबकि इलाहाबाद उत्तरी की जीत के नायक राहुल राज पाल रहे। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 91 रन बनाए। केपी कॉलेज मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इलाहाबाद दक्षिण की टीम 20 ओवर में 111 रन ही बना सकी। टीम की ओर से निशांत कुशवाहा ने 41 रन बनाए, जबकि अक्षत पांडेय और अमर काला ने 16-16 रनों का योगदान दिया। इलाहाबाद पश्चिम की ओर से देव प्रकाश शुक्ला ने दो विकेट लिए। आदित्य राज तिवारी और आतिफ साजिद ने भी दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया। 112 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलाहाबाद पश्चिम की टीम ने 16.1 ओवर में दो विकेट खोकर 112 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया। सागर शर्मा ने 49 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 59 रन बनाए। वहीं, आदित्य राज तिवारी ने 38 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की सहायता से 44 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में अमर काला और अक्षत पांडेय को एक-एक विकेट मिला। आदित्य राज तिवारी को उनके बहुमुखी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच से पहले गौरव करवरिया और सोमेश्वर पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। पुरस्कार पूर्व खिलाड़ी रजा अली ने प्रदान किया। दिन के दूसरे मुकाबले में इलाहाबाद उत्तरी ने कोरांव विधानसभा को एक रन से हराकर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इलाहाबाद उत्तरी ने निर्धारित 20 ओवर में 139 रन बनाए। राहुल राज पाल ने 68 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 91 रन की शानदार पारी खेली। अंशुमान पांडेय ने 17 रन बनाए।











