सूरज बड़जात्या ने हिमानी शिवपुरी के लिए बदली थी ‘हम आपके हैं कौन’ की स्क्रिप्ट, इसकी वजह था ‘अजहर का ख्वाब’

नई दिल्ली। बॉलीवुड में बहुत कम ही बार ऐसा हुआ है कि जब किसी कलाकार की अदाकारी से प्रभावित होकर फिल्ममेकर ने अपनी कहानी में बदलाव किए हों। ऐसा ही एक दिलचस्प किस्सा अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी से जुड़ा है। अपनी शानदार अदाकारी और सहज अंदाज से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाली हिमानी शिवपुरी को फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ में काम करने का मौका भी कुछ इसी तरह मिला था। बताया जाता है कि उनकी एक्टिंग से प्रभावित होकर फिल्म निर्देशक सूरज बड़जात्या ने कहानी में एक नया किरदार जोड़ने का फैसला किया था। हिमानी शिवपुरी का जन्म 24 अक्टूबर 1960 को देहरादून में हुआ था। उनके पिता डॉ. हरिदत्त भट्ट ‘शैलेश’ जाने-माने लेखक और शिक्षक थे। हिमानी की पढ़ाई देहरादून के दून स्कूल में हुई। पढ़ाई के दौरान ही उन्हें थिएटर से लगाव हो गया था। अभिनय को अपना करियर बनाने के लिए हिमानी ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) में दाखिला लिया। यहां से उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीखीं और कई साल तक थिएटर से जुड़ी रहीं। उनके लिए थिएटर सिर्फ काम नहीं, बल्कि पहला प्यार था। यही वजह है कि फिल्मों में पहचान बनाने के बाद भी उनका थिएटर से रिश्ता बना रहा। हिमानी शिवपुरी के करियर में उस समय बड़ा मोड़ आया, जब वह एक नाटक ‘अजहर का ख्वाब’ में अभिनय कर रही थीं। इस नाटक को देखने के लिए मशहूर फिल्म निर्देशक सूरज बड़जात्या भी पहुंचे थे। हिमानी की अदाकारी ने उन्हें काफी प्रभावित किया। उस समय सूरज बड़जात्या अपनी फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ पर काम कर रहे थे। हिमानी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि सूरज बड़जात्या ने उनसे कहा कि फिल्म की स्क्रिप्ट पहले ही तैयार थी, लेकिन उनकी अदाकारी देखने के बाद उन्होंने फिल्म में एक मुस्लिम किरदार जोड़ने का फैसला किया। यह हिमानी के लिए किसी बड़े मौके से कम नहीं था। इस तरह ‘हम आपके हैं कौन’ हिमानी शिवपुरी के फिल्मी करियर की अहम फिल्मों में शामिल हो गई। इस फिल्म की सफलता ने उनके लिए बॉलीवुड के दरवाजे खोल दिए। ‘हम आपके हैं कौन’ के बाद हिमानी शिवपुरी को ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘कुछ कुछ होता है’ और ‘परदेस’ जैसी फिल्मों में काम करने का मौका मिला। इन फिल्मों में उन्होंने सहायक भूमिकाएं निभाईं, लेकिन उनका अभिनय दर्शकों के बीच खूब पसंद किया गया। ‘हीरो नंबर 1’, ‘बीवी नंबर 1’ और ‘एक और एक ग्यारह’ जैसी फिल्मों में उन्होंने दर्शकों को खूब हंसाया। आज हिमानी शिवपुरी उन अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं, जिन्होंने छोटे-बड़े हर किरदार को अपनी अदाकारी से यादगार बनाया।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link