जामिया में छात्र संघ चुनाव को लेकर हंगामा, विरोध के बीच जेएमआई ने सभी क्लासेज की ऑनलाइन

 नई दिल्ली। दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई) में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। इस बीच मौजूदा हालात को देखते हुए और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय ने सभी पाठ्यक्रमों की कक्षाएं तत्काल प्रभाव से और अगली सूचना तक ऑनलाइन आयोजित करने का निर्णय लिया है। जेएमआई ने इसकी जानकारी शनिवार को एक आधिकारिक नोटिस जारी करके दी, जिसमें कहा गया, “मौजूदा हालात को देखते हुए और यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जेएमआई के सक्षम प्राधिकारी ने यह निर्णय लिया है कि यूनिवर्सिटी के सभी कोर्सेज की कक्षाएं तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक ऑनलाइन माध्यम से चलाई जाएंगी।” यूनिवर्सिटी ने कहा, “यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा और भलाई को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि उनकी पढ़ाई का नुकसान न हो और शिक्षण-अधिगम (टीचिंग-लर्निंग) प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के जारी रह सके।” उन्होंने कहा, “सभी डीन/प्रमुख/निदेशक, फैकल्टी सदस्यों और छात्रों को निर्देश दिया जाता है कि वे ऑनलाइन क्लास शेड्यूल का पालन करें और शैक्षणिक गतिविधियों में नियमित रूप से शामिल हों। इसी के साथ यूनिवर्सिटी ने सभी फैकल्टी सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए कक्षाएं लेने के लिए जरूरी इंतजाम करें और छात्रों को आवश्यक शैक्षणिक सहायता तथा अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराएं।” इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय की ओर से साफ किया गया कि इस संबंध में कोई भी अन्य निर्देश या अपडेट यूनिवर्सिटी की आधिकारिक प्रक्रिया के माध्यम से सभी छात्रों और फैकल्टी सदस्यों को सूचित किया जाएगा। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्रों का विरोध-प्रदर्शन पिछले कई दिनों से जारी है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय में पिछले 20 वर्षों से छात्र संघ के चुनाव नहीं हुए हैं। छात्रों की मांग है कि चुनाव कराने के लिए कमेटी गठित की जाए, चुनाव की तारीख घोषित हो और प्रक्रिया को बिना देरी शुरू किया जाए। –आईएएनएस डीके/वीसी

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link