अदाणी ग्रुप के एसीसी का दूसरी तिमाही में प्रदर्शन मजबूत, सीमेंट बिक्री 9.7 मिलियन टन रही

अहमदाबाद। अदाणी ग्रुप के एसीसी लिमिटेड ने मंगलवार को वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। इस दौरान कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा है और सीमेंट बिक्री 9.7 मिलियन टन रही। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में परिचालन से आय 5,689 करोड़ रुपए रही है। इस दौरान ऑपरेटिंग ईबीआईटीडीए 401 करोड़ रुपए रहा है। वहीं,ईबीआईटीडीए मार्जिन 7 प्रतिशत था। इस तिमाही में एसीसी की सीमेंट बिक्री 9.7 मिलियन टन रही। साथ ही, व्यापारिक बिक्री का हिस्सा सालाना आधार पर 7 प्रतिशत अंक बढ़कर 78 प्रतिशत हो गया। व्यापारिक बिक्री में प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी 47 प्रतिशत रही, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 3 प्रतिशत अधिक है। वहीं, ब्लेंडेड सीमेंट की हिस्सेदारी पिछले साल की इसी तिमाही के 78 प्रतिशत से बढ़कर 85 प्रतिशत हो गई। नतीजों पर एसीसी लिमिटेड के पूर्णकालिक निदेशक और सीईओ विनोद बहेती ने कहा, “हमने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही में मजबूत प्रदर्शन किया है। इसमें बेहतर सेल्स मिक्स और प्रीमियम उत्पादों की अधिक बिक्री का बड़ा योगदान रहा है।” उन्होंने कहा, “हालांकि एमएसए (मास्टर सप्लाई एग्रीमेंट) के प्रभाव के कारण मौजूदा आंकड़ों की सीधे तौर पर तुलना नहीं की जा सकती, लेकिन हमारे ट्रेड पार्टनर्स के सहयोग से कारोबार की गति काफी उत्साहजनक बनी हुई है।” कंपनी के ‘रेडी-मिक्स कंक्रीट’ कारोबार में भी अच्छी तेजी देखने को मिली है। इसका तिमाही वॉल्यूम सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़कर 1.07 मिलियन क्यूबिक मीटर तक पहुंच गया है। इस तिमाही के दौरान, एसीसी ने उत्तर प्रदेश के सलाई बनवां में 2.4 मिलियन टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) क्षमता वाली एक नई सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट और महाराष्ट्र के कलंबोली में 1.0 एमटीपीए की अतिरिक्त क्षमता शुरू करके अपने मैन्युफैक्चरिंग दायरे का विस्तार किया। क्षमता में की गई यह बढ़ोतरी प्रमुख बाजारों में कंपनी की मौजूदगी को मजबूत करेगी और भविष्य की विकास योजनाओं में मददगार साबित होगी। सस्टेनेबिलिटी के मोर्चे पर, कंपनी की ‘ग्रीन पावर’ हिस्सेदारी एक साल पहले के 30.3 प्रतिशत से बढ़कर 34.4 प्रतिशत हो गई है। एसीसी ने यह भी बताया कि 2025 के एसएंडपी ग्लोबल कॉर्पोरेट सस्टेनेबिलिटी असेसमेंट (सीएसए) में उसका नेट स्कोर 72 से बढ़कर 82 हो गया है, जबकि उसका ग्रॉस स्कोर 100 में से 89 रहा, जो कि पूरे उद्योग में सबसे बेहतर है।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link