सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में मिला 5 फुट लंबा ‘धामन’ सांप, मचा हड़कंप

Salman Khan Galaxy Apartment Snake

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में करीब 5 फुट लंबा ‘धामन’ सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। सांप दिखने के बाद वहां मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया, जिसके बाद तुरंत स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई।
जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी पर तैनात पुलिस कांस्टेबल ने तुरंत स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट विक्की दुबे को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही विक्की दुबे मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
घटना की जानकारी बांद्रा वेस्ट पुलिस स्टेशन और वन विभाग के कंट्रोल रूम को भी दी गई। पुलिस ने मामले की आधिकारिक डायरी एंट्री भी दर्ज की है।
बताया जा रहा है कि मिला सांप ‘धामन’ प्रजाति का था, जिसे इंडियन रैट स्नेक भी कहा जाता है। यह सांप जहरीला नहीं होता और आमतौर पर इंसानों के लिए खतरनाक नहीं माना जाता। धामन सांप चूहे, मेंढक और छिपकलियों को खाता है, जिससे यह किसानों के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है।
धामन सांप की रफ्तार काफी तेज होती है। इसी वजह से इसे कई जगहों पर ‘घोड़ा पछाड़’ के नाम से भी जाना जाता है। इसकी लंबाई आमतौर पर 5 से 8 फीट तक हो सकती है।
इस घटना के बाद गैलेक्सी अपार्टमेंट के आसपास सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link