देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 134 वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरक कहानियों को साझा कर लोगों को जनहित और समाजहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों के माध्यम से समाज में उल्लेखनीय बदलाव ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने और देशी एवं पारंपरिक पेयों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही आम सहित भारतीय फलों की विशेषताओं का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने छात्रावास की छात्राओं से संवाद कर ‘मन की बात’ पर उनकी प्रतिक्रिया जानी। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रुचिकर गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास बड़े बदलावों की नींव रखते हैं। अच्छे कार्यों से अन्य लोग भी प्रेरित होकर जुड़ते हैं और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि निष्ठा और समर्पण के साथ किया गया कार्य दूसरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है। इस अवसर पर महंत दलीप सिंह रावत भी उपस्थित रहे।











