मेलबर्न। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने गुरुवार को महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) 2026-27 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। टूर्नामेंट का आगाज 29 अक्टूबर को मेलबर्न के जंक्शन ओवल में डबल-हेडर मुकाबलों के साथ होगा। इस 12वें सीजन में कुल 43 मैच 38 दिनों के भीतर खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में इस बार गुरुवार से रविवार के बीच अधिक मुकाबले रखे गए हैं, जिससे दर्शकों की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश की गई है। जंक्शन ओवल में पहली बार फ्लडलाइट्स की रोशनी में टी-20 मैच खेला जाएगा। स्टेडियम में लाइट्स लगाने का कार्य पिछले वर्ष दिसंबर में शुरू हुआ था, जिसे अगस्त 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। पूरे टूर्नामेंट में 14 डबल-हेडर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। वहीं, मेलबर्न डर्बी और सिडनी स्मैश जैसे बड़े मुकाबले 28 नवंबर को लीग चरण के अंतिम दौर में खेले जाएंगे। इसके अलावा हैलोवीन और मेलबर्न कप ईव पर भी विशेष मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।











