जूनियर एनटीआर के नाम से जुड़ी अफवाहों पर टीम ने लगाई रोक

मुंबई। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर की टीम ने एक संस्था को लेकर अभिनेता के नाम का इस्तेमाल किए जाने पर आधिकारिक बयान जारी किया है। टीम ने कहा है कि अभिनेता या उनका ऑफिस ‘रॉ एनटीआर’ नाम की संस्था से किसी भी तरह जुड़ा हुआ नहीं है। जूनियर एनटीआर की टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया, ”हमें जानकारी मिली है कि रॉ एनटीआर नाम से काम कर रही एक संस्था ऐसी गतिविधियां कर रही है, जिससे लोगों के बीच यह धारणा बन सकती है कि उसका संबंध अभिनेता एनटीआर से है। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि जूनियर एनटीआर और उनका ऑफिस रॉ एनटीआर या उसकी किसी भी गतिविधि से पूरी तरह अलग हैं। इस संस्था से हमारा कोई संबंध, सहयोग या भागीदारी नहीं है।” टीम ने आगे कहा कि यह संस्था अभिनेता का प्रतिनिधित्व करने या उनकी ओर से किसी भी तरह का आधिकारिक बयान जारी करने के लिए अधिकृत नहीं है। अभिनेता की टीम ने मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और फैंस से अपील की है कि वे बिना पुष्टि की गई किसी भी जानकारी को आगे साझा न करें। टीम ने कहा, “जूनियर एनटीआर से जुड़ी किसी भी आधिकारिक घोषणा, सामाजिक पहल, जनकल्याण गतिविधि या किसी भी तरह की साझेदारी की जानकारी सिर्फ अभिनेता या उनकी आधिकारिक टीम के माध्यम से ही साझा की जाएगी। अनधिकृत व्यक्तियों या संगठनों द्वारा प्रसारित किसी भी जानकारी या गतिविधि को प्रामाणिक न माना जाए। हमें उम्मीद है कि यह स्पष्टीकरण सभी तरह की अफवाहों और अटकलों को खत्म करेगा।” जूनियर एनटीआर की लोकप्रियता सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। फिल्म ‘आरआरआर’ की सफलता के बाद उनकी पहचान दुनियाभर में मजबूत हुई है। वह जल्द ही निर्देशक प्रशांत नील की फिल्म ‘ड्रैगन’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म में जूनियर एनटीआर और प्रशांत नील की जोड़ी पहली बार साथ काम कर रही है, इसलिए इसे लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। पहले यह फिल्म 25 जून को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट में बदलाव किया गया। अब ‘ड्रैगन’ 11 जून 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link