ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना जारचा पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री के जरिए करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शशिरंजन प्रसून को गाजियाबाद के लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी पर अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने और पीड़ित से 3 करोड से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान थाना जारचा पुलिस ने अभियुक्त शशिरंजन प्रसून को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से करमनटोला, जिला भोजपुर (बिहार) का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 54 वर्ष बताई गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से फर्जी रजिस्ट्री तैयार कर पीड़ित को धोखे में रखा और करोड़ों की ठगी को अंजाम दिया। इस मामले में थाना जारचा में कई मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि इस पूरे गिरोह के खिलाफ पहले से ही कार्रवाई जारी है और अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शशिरंजन प्रसून इस मामले में फरार चल रहा था, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी। इस मामले में थाना जारचा में कई मुकदमे दर्ज हैं। सभी मुकदमों में आरोपी वांछित चल रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों से ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह के मामलों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क और ठगी से जुड़े आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संपत्ति की खरीद से पहले उसके सभी दस्तावेजों की विधिवत जांच कराएं और केवल अधिकृत माध्यमों से ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करें। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या फर्जीवाड़े की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते ऐसी धोखाधड़ी पर रोक लगाई जा सके।











