गौतम गंभीर के निर्णयों पर पूर्व कप्तान श्रीकांत ने उठाए सवाल

नई दिल्ली। आयरलैंड टी20 सीरीज, इंग्लैंड टी20 सीरीज और फिर इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और टीम इंडिया मैनेजमेंट पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने इंग्लैंड से वनडे सीरीज में भारतीय टीम की हार के बाद हेड कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट से जवाबदेही की मांग की है। श्रीकांत ने वनडे विश्व कप 2027 के लिए टीम की तैयारी पर सवाल उठाए और प्लेइंग इलेवन में बार-बार किए जा रहे बदलावों की आलोचना की। श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “वे बीच में टी20 विश्व कप जीत लेंगे, चैंपियंस ट्रॉफी जीत लेंगे और फिर गंभीर की बहुत तारीफ होगी, जबकि गंभीर को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। टीम मैनेजमेंट को जवाबदेह होना होगा। वे जिम्बाब्वे को हरा देंगे, फिर श्रीलंका और वेस्टइंडीज को हरा देंगे और फिर कहने लगेंगे कि भारत फॉर्म में वापस आ गया है। अगर आप जिम्बाब्वे, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के मैचों को अहम सीरीज मानते हैं, तो टीम के लिए कोई गुंजाइश नहीं है। दुर्भाग्य से, वे ऐसा ही करते रहेंगे। भारत का प्रदर्शन मजबूत टीमों के खिलाफ कैसा रहता है, इसे पैमाना माना जाना चाहिए, न कि कमजोर रैंकिंग वाली टीमों पर मिली जीत को।” श्रीकांत ने भारत की वनडे प्लानिंग पर भी चिंता जताई और कहा कि अगले वर्ल्ड कप से पहले बहुत कम मैच बचे हैं, इसलिए प्रयोग करने की ज्यादा गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा, “विश्व कप से पहले ज्यादा वनडे मैच नहीं हैं। बस कुछ ही वनडे मैच बचे हैं। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया सीरीज, आईपीएल और विश्व कप होगा। सच कहूं तो, बार-बार बदलाव करके तैयारी करने का यह सही तरीका नहीं है। शुभमन गिल ने खुद कहा था कि अगर लगातार इतनी चोटें लग रही हों तो हम क्या कर सकते हैं? खिलाड़ी आए दिन चोटिल हो रहे हैं।” पूर्व सलामी बल्लेबाज ने लॉर्ड्स में लक्ष्य का पीछा करते समय भारत के बल्लेबाजी क्रम की भी कड़ी आलोचना की। उनका कहना था कि केएल राहुल को छठे नंबर पर भेजने के बजाय ऊपर प्रमोट किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, “क्या कोई इतने बड़े स्कोर का पीछा करते समय केएल राहुल को छठे नंबर पर भेजेगा? उस खिलाड़ी ने आपके लिए कई मैच जिताए हैं। आपने संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी का करियर खराब किया, वैसे ही अब आप केएल राहुल का भी कर रहे हैं। क्या राहुल छठे या सातवें नंबर के बल्लेबाज हैं? यह उनके साथ सरासर नाइंसाफी है। कल उनकी बॉडी लैंग्वेज भी ऐसी लग रही थी जैसे वह नर्वस हों।” श्रीकांत ने कहा कि रोहित शर्मा के आउट होने के बाद विराट कोहली का साथ देने के लिए राहुल सबसे सही खिलाड़ी थे, न कि तब क्रीज पर आना जब जरूरी रन रेट पहुंच से बाहर हो चुका था। भारत को जोस बटलर जैसी भूमिका निभाने वाले खिलाड़ी की जरूरत थी। यहीं पर किशन और श्रेयस अय्यर जल्दी आउट हो गए। अगर राहुल चौथे नंबर पर आते, तो वह विराट कोहली का अच्छा साथ देते, जैसा उन्होंने 2023 वर्ल्ड कप में कई बार किया था। राहुल आसानी से रन की गति बढ़ा सकते हैं। इसके बजाय, उन्हें तब बैटिंग के लिए भेजा गया जब मैच लगभग खत्म हो चुका था। अक्षर पटेल के साथ प्रति ओवर 15 रन की जरूरत होने पर वह भला मैच कैसे जिता सकते थे?

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link