अनिल कपूर ने अक्षय खन्ना की तारीफों के पुल बांधे, कहा-अक्षय खन्ना सच में कमाल के अभिनेता हैं

मुंबई। बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म ‘गांधी, माई फादर’ ने सोमवार को अपनी रिलीज के 19 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर फिल्म के निर्माता अनिल कपूर ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म का जश्न मनाया। साथ ही, अक्षय खन्ना के अभिनय की जमकर सराहना की। अनिल कपूर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर फिल्म का पोस्टर पोस्ट किया। इसके साथ उन्होंने अक्षय खन्ना को इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के ‘सबसे अच्छे एक्टर’ में से एक कहा। उन्होंने लिखा, “अगर आपने अभी तक इस फिल्म को नहीं देखा है, तो मुझे सच में उम्मीद है कि आप इसे देखेंगे। यह एक ऐसी फिल्म है जिस पर मुझे बहुत गर्व है, और यह मेरे साथ हमेशा रहेगी। आपको यह जहां भी मिले, इसे जरूर देखें।” इसी के साथ स्टोरीज सेक्शन के दूसरी स्लाइड पर अभिनेता अनिल कपूर ने अक्षय खन्ना के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “आज अक्षय खन्ना को दर्शकों की तरफ से ढ़ेर सारे प्यार को देखकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। मैंने हमेशा माना है कि वह हमारे सबसे अच्छे एक्टर्स में से एक हैं और फिल्म ‘गांधी, माई फादर’ में उन्होंने सच में कमाल की अदाकारी की थी। अगर किसी ने भी फिल्म देखी है, तो मुझे लगता है कि आप ठीक-ठीक समझ गए होंगे कि मैं कहना क्या चाहता हूं।” साल 2007 में फिरोज अब्बास खान के निर्देशन में बनी और अनिल कपूर द्वारा निर्मित फिल्म महात्मा गांधी और उनके सबसे बड़े बेटे हरिलाल गांधी के बीच के तनावपूर्ण और दर्दनाक रिश्तों पर आधारित थी। फिल्म में अक्षय के साथ, दर्शन जरीवाला, भूमिका चावला और शेफाली शाह भी अहम रोल में हैं। फिल्म के जरिए निर्देशक ने महात्मा गांधी के महान व्यक्तित्व के साये में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे उनके बेटे हरिलाल की असफलताओं और दोनों के बीच की भावनात्मक दूरियों को दर्शाया है। यह फिल्म महात्मा गांधीजी की महानता के बजाय एक आम इंसान और पिता के रूप में उनके पहलुओं को उजागर करती है। हरिलाल अपने पिता की विशाल छाया और उनके कठोर सिद्धांतों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने के लिए संघर्ष करते दिखाई देते हैं। वैचारिक मतभेदों के कारण पिता-पुत्र के बीच बढ़ती दूरियों और हरिलाल के जीवन में आए त्रासद, शराब की लत व अकेलेपन को बेहद मार्मिक ढंग से दिखाया गया है।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link