अभिषेक बनर्जी को कोलकाता पुलिस ने फिर भेजा नोटिस, सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया

कोलकाता। कोलकाता पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और डायमंड हार्बर से लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को रविवार को नया नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। यह मामला 27 अगस्त को मध्य कोलकाता के कैमक स्ट्रीट स्थित उनके कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं, पुलिसकर्मियों और कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के कर्मचारियों के बीच हुई झड़प से जुड़ा है। केएमसी के कर्मचारी पुलिसकर्मियों के साथ अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में कथित अवैध होर्डिंग हटाने पहुंचे थे। इस दौरान विवाद और झड़प की स्थिति पैदा हो गई थी। ताजा नोटिस में अभिषेक बनर्जी को सोमवार को शेक्सपियर सरणी पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा गया है। कैमक स्ट्रीट स्थित उनका कार्यालय इसी थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है। रविवार दोपहर शेक्सपियर सरणी पुलिस स्टेशन की एक टीम दक्षिण कोलकाता के कालीघाट स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंची और उन्हें नोटिस सौंपा। इससे पहले 8 अक्टूबर को भी पुलिस अभिषेक बनर्जी के आवास पर पूछताछ का नोटिस देने पहुंची थी। हालांकि, उस समय वह नई दिल्ली में थे, जिसके कारण पुलिस नोटिस नहीं दे सकी थी। सूत्रों के अनुसार, केएमसी की ओर से तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद नया नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में अभिषेक बनर्जी का नाम भी शामिल है। इससे पहले अभिषेक बनर्जी से इसी मामले में शेक्सपियर सरणी पुलिस स्टेशन में छह घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की जा चुकी है। 27 अगस्त को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी, जब कोलकाता नगर निगम के कर्मचारी पुलिसकर्मियों के साथ कैमक स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय से होर्डिंग हटाने पहुंचे थे। आरोप है कि अभिषेक बनर्जी और अन्य नेताओं के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों का विरोध किया, जिसके बाद मौके पर झड़प हुई। शेक्सपियर सरणी पुलिस स्टेशन में दर्ज तीन प्राथमिकी के अनुसार, पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने और एक महिला पुलिस अधिकारी की मर्यादा भंग करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। तीन में से दो प्राथमिकी में अभिषेक बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस के नेता और राज्यसभा सांसद डेरेक ओ’ब्रायन तथा पार्टी के अन्य नेताओं हुमायूं कबीर और बैश्वानर चटर्जी के नाम शामिल हैं। पुलिस इस मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link