अयोध्या : सावन के पहले दिन बड़ी संख्या में भक्तों का आगमन, दिनेंद्र दास भी पहुंचे कुबेर टीला महादेव मंदिर

अयोध्या। सावन माह के पहले दिन गुरुवार को अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही बड़ी संख्या में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए और मंदिर परिसर स्थित कुबेर टीला महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने भी जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। इसके बाद आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन रामलला के दर्शन के लिए आते हैं और पूजा के समय राम दरबार में भी उपस्थित रहते हैं। सावन माह की शुरुआत होने के कारण उन्होंने आज सबसे पहले कुबेर टीला पहुंचकर भगवान शिव की आराधना की। पुजारी परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए। महंत दिनेंद्र दास ने बताया कि राम मंदिर में दर्शन व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और मंदिर प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं शांतिपूर्वक संचालित की जा रही हैं। दर्शन, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने सावन माह में होने वाले पारंपरिक धार्मिक आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर में परंपरा के अनुसार झूला उत्सव भी मनाया जाएगा। रामलला को चांदी के झूले में विराजमान कराया जाएगा और सभी धार्मिक अनुष्ठान परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार ही संपन्न होंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की 2 सितंबर को होने वाली बैठक में नए सदस्यों और पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी के नाम नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। इस संबंध में महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि ट्रस्ट का आधिकारिक निर्णय ही मान्य होगा और सभी फैसले परंपराओं के अनुसार ही लिए जाएंगे।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link