एडवांस बुकिंग में उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी ‘पेड्डी’

राम चरण अभिनीत बहुप्रतीक्षित स्पोर्ट्स ड्रामा ‘पेड्डी’ की रिलीज में अब महज एक दिन शेष रह गया है। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 जून को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जबकि इसके पेड प्रीमियर शो 3 जून की रात आयोजित किए जाएंगे। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है, लेकिन शुरुआती आंकड़े उम्मीद के मुकाबले थोड़े धीमे नजर आ रहे हैं। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘पेड्डी’ ने भारत में पहले दिन के लिए करीब 5.39 करोड़ की एडवांस बुकिंग दर्ज की है। वहीं वैश्विक स्तर पर फिल्म की एडवांस बिक्री 12 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है, जिसमें सबसे बड़ा योगदान उत्तरी अमेरिका सहित विदेशी बाजारों का रहा है। हालांकि, यह प्रदर्शन राम चरण की पिछली फिल्म ‘गेम चेंजर’ से पीछे है, जिसने रिलीज से पहले लगभग 26 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हासिल की थी। ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि तेलंगाना में टिकट दरों को लेकर सरकारी मंजूरी में देरी का असर शुरुआती बुकिंग पर पड़ा है। उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य में टिकट कीमतों से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुकिंग में तेजी आ सकती है। फिल्म में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर, बोमन ईरानी और दिव्येंदु शर्मा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रिलीज से पहले और शुरुआती दिनों में फिल्म की बुकिंग रफ्तार पकड़ पाती है या नहीं।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link