एशियन गेम्स: 100 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में छठे स्थान पर रहे ऋषभ दास

टोक्यो। एशियन गेम्स में रविवार को भारतीय तैराक ऋषभ दास ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में 54.77 सेकंड का समय लेकर छठा स्थान हासिल किया। चीन के जियायु जू ने (51.98 सेकंड) ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि हिदेकाजु ताकेहारा (53.93 सेकंड) ने सिल्वर और साउथ कोरिया के जुहो ली (53.94 सेकंड) ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। ऋषभ दास ने हीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में अपनी जगह बनाई थी; वे 54.85 सेकंड के समय के साथ कुल मिलाकर पांचवें स्थान पर रहे थे। दास हीट 3 में तीसरे स्थान पर रहे। वह जुहो ली से सिर्फ 0.42 सेकंड पीछे थे, जबकि चीन के एशियन रिकॉर्ड धारक जियायु ने हीट में 52.63 सेकंड के समय के साथ ओवरऑल स्टैंडिंग में टॉप किया। वहीं, दास के साथी तैराक उत्कर्ष पाटिल फाइनल में जगह बनाने से मामूली अंतर से चूक गए। उन्होंने अपनी हीट में छठा और कुल मिलाकर 12वां स्थान हासिल करने के लिए 56.19 सेकंड का समय लिया। पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल हीट में भारत का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा। रोहित बेनेडिक्टन ‘हीट 5’ में 50.25 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे और कुल मिलाकर 12वें स्थान पर रहकर रिजर्व स्पॉट हासिल किया। आकाश मणि उसी हीट में 50.85 सेकंड के समय के साथ आठवें स्थान पर रहे और आगे नहीं बढ़ पाए। एशियन गेम्स में दास का सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। अब वह सोमवार को 50 मीटर बैकस्ट्रोक इवेंट पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जिसमें ओलंपियन श्रीहरि नटराज भी हिस्सा लेंगे। दास पुरुषों की 4×100 मीटर मेडले रिले में भी हिस्सा लेंगे। सोमवार को, अक्ष मणि और हीर गीतेश शाह पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल इवेंट में हिस्सा लेंगे। धनुष सुरेश पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक इवेंट में नजर आएंगे। सुनील कुमार गौड़ा और वेदांत महादेवन पुरुषों की 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में हिस्सा लेंगे। भारत की कोशिश एशियन गेम्स में तैराकी का मेडल जीतने के सूखे को खत्म करने पर होंगी। भारतीय तैराक संदीप सेजवाल ने 12 साल पहले साल 2013 में देश के लिए 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। हांगझोऊ 2023 में छह नेशनल रिकॉर्ड बनाने के बावजूद भारतीय तैराक बिना किसी मेडल के लौटे थे।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link