मुंबई। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने संविदा के आधार पर स्पेशलिस्ट कैडर अधिकारियों के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती में डीन, फैकल्टी, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट और असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट समेत कई पद शामिल हैं। एसबीआई की ओर से जारी अधिसूचनाओं के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 6 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती में डीन, स्टेट बैंक इंस्टीट्यूट ऑफ लीडरशिप (एसबीआईएल), कोलकाता के लिए 1 पद, फैकल्टी के लिए 1 पद और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के लिए 1 पद है। इसके अलावा डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट (आईटी रिस्क) के 2 और असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट (आईटी रिस्क) के 2 पद शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
डीन पद के लिए उम्मीदवार के पास निर्धारित अंकों के साथ एमबीए, एग्जीक्यूटिव एमबीए, पीजीडीएम, पीजीडीबीए या समकक्ष डिग्री अथवा पीएचडी/एमफिल होना चाहिए। फैकल्टी पद के लिए किसी भी विषय में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के लिए मार्केटिंग में एमबीए या समकक्ष योग्यता मांगी गई है। आईटी रिस्क से जुड़े डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट और असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट पदों के लिए कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, आईटी या साइबर सिक्योरिटी से संबंधित बीई/बीटेक, एमसीए, एमएससी या एमटेक जैसी योग्यता निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों के पास पद के अनुसार संबंधित क्षेत्र में 5 से 15 वर्ष तक का अनुभव भी होना चाहिए।
28 से 55 वर्ष तक के उम्मीदवारों को मौका
आयु सीमा पद के अनुसार अलग-अलग है। न्यूनतम आयु 28 से 40 वर्ष और अधिकतम आयु 40 से 55 वर्ष के बीच निर्धारित है। आयु की गणना 31 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
50 से 98 लाख रुपए तक सालाना सीटीसी
उम्मीदवारों का चयन आवेदन की स्क्रीनिंग के बाद शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 50 लाख से 98 लाख रुपये तक सालाना सीटीसी मिल सकती है। इसके अलावा अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये है, जबकि एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है। एसबीआई के अनुसार, इन पदों पर नियुक्ति शुरुआत में 3 वर्ष के लिए संविदा आधार पर होगी। प्रदर्शन और अन्य निर्धारित शर्तों के आधार पर इसे आगे 2 वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।











