ऑनलाइन कैब चालक निकले अंतरराज्यीय वाहन चोर, 12 बाइक और कार बरामद

नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-39 पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिल, घटना में इस्तेमाल एक वैगनार कार और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ऑनलाइन कैब सेवा के दौरान नोएडा और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस टीम ने गोदरेज बिल्डिंग के पीछे स्टेलर ग्रीन पार्क जाने वाले रोड से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि प्रताप, विमल शाक्य उर्फ सूर्या, प्रशांत सिंह और दीपांशु के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य वैगनार कार से इलाके में घूमते थे। इस दौरान वे सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों को चिन्हित करते और बाद में मौका देखकर उन्हें चोरी कर लेते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी करने के बाद मोटरसाइकिलों को तत्काल बेचने के बजाय वे उन्हें अलग-अलग स्थानों पर झाड़ियों अथवा सुनसान जगहों पर छिपाकर रखते थे। इसके बाद जरूरत पड़ने पर आम लोगों को मजबूरी की कहानी बताकर कम कीमत में चोरी की बाइक बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी नोएडा के अलावा दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से अलग-अलग राज्यों और जिलों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें टीवीएस, स्प्लेंडर, टीवीएस राइडर, टीवीएस स्पोर्ट्स और टीवीएस अपाचे जैसी बाइक शामिल हैं। बरामद वाहनों में दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इनमें एक टीवीएस बाइक दिल्ली के अशोक नगर, एक स्प्लेंडर चंडीगढ़ सेक्टर-36, एक स्प्लेंडर दिल्ली के लोदी नगर और एक अपाचे थाना सेक्टर-39 नोएडा से संबंधित मामले में चोरी की गई थी। इसके अलावा गुरुग्राम, बदरपुर दिल्ली समेत अन्य स्थानों से चोरी की गई बाइक भी बरामद हुई हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में सात-सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वाहन चोरी से संबंधित मामले नोएडा, दिल्ली, चंडीगढ़ और गुरुग्राम में दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और चोरी के वाहनों को खरीदने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में रवि प्रताप की उम्र 26 वर्ष, विमल शाक्य उर्फ सूर्या की 23 वर्ष, प्रशांत सिंह की 21 वर्ष और दीपांशु की 23 वर्ष बताई गई है। सभी आरोपी मूल रूप से मैनपुरी जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग इलाकों में किराये पर रह रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक बरामदगी और पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वालों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link