किंशासा। डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी) में इबोला वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। देश के पांच प्रांतों में अब तक संक्रमण के 1,873 मामले सामने आए हैं, जबकि 672 लोगों की मौत हो चुकी है। यह जानकारी देश के स्वास्थ्य अधिकारियों ने एक रिपोर्ट के हवाले से दी सिंहुआ ने बताया कि रविवार को जारी रिपोर्ट में शुक्रवार तक के आंकड़े शामिल हैं। इसके अनुसार इटुरी, नॉर्थ किवू, साउथ किवू, हाउत-उएले और शोपो (त्शोपो) प्रांत में इबोला का प्रकोप ज्यादा है। हाउत-उएले और शोपो को पहली बार राष्ट्रीय स्थिति रिपोर्ट में शामिल किया गया है। जांच में सामने आया है कि इन दोनों प्रांतों में मिले संक्रमण के मामले इटुरी प्रांत में मौजूद प्रकोप के केंद्र से लोगों की आवाजाही और संपर्क के जरिए जुड़े हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में 763 मरीज आइसोलेशन में हैं या अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। उपचार केंद्रों में बेड की कुल उपलब्ध क्षमता का 95.1 प्रतिशत हिस्सा भरा हुआ है। अब तक 306 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 299 संदिग्ध मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 91 लोगों की मौत हुई है। बुंडिबुग्यो इबोला वायरस से फैले इस प्रकोप की आधिकारिक घोषणा 15 मई को की गई थी। इससे पहले शनिवार को अफ्रीका सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (अफ्रीका सीडीसी) ने बताया कि डीआरसी में इबोला नियंत्रण अभियान में सहयोग कर रहे एक अमेरिकी मानवीय सहायता कर्मी के संक्रमित पाए जाने से स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। अफ्रीका सीडीसी ने बयान में कहा कि स्वास्थ्यकर्मी, मानवीय सहायता कर्मी, स्वयंसेवक और अन्य परिचालन कर्मचारी बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। वे संक्रमितों की पहचान, मरीजों के उपचार और प्रभावित समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित कर संक्रमण की श्रृंखला को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। संस्था ने बताया कि अमेरिकी सहायता कर्मी के संक्रमित होने के मामले में महामारी विज्ञान संबंधी जांच, संपर्कों की पहचान (कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग) और संक्रमण जोखिम का आकलन शुरू कर दिया गया है। हालांकि, संक्रमण कैसे हुआ, इसकी जांच अभी जारी है। अफ्रीकी संघ की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी के ताजा आंकड़ों के अनुसार, डीआरसी में अब तक बुंडिबुग्यो इबोला वायरस से कम से कम 112 स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 35 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हो चुकी है।











