कुशाल टंडन की टिप्पणी पर जैद दरबार ने गौहर खान से मांगी माफी

मुंबई। अभिनेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जैद दरबार इन दिनों रियलिटी शो ‘अलायंस’ को लेकर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार चर्चा उनकी गेम स्ट्रैटेजी की नहीं, बल्कि शो में अभिनेता कुशाल टंडन की एक टिप्पणी पर हंसने और बाद में उसी मामले में अपनी पत्नी गौहर खान से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने को लेकर हो रही है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद गौहर खान ने अपने पति का समर्थन करते हुए लोगों से इस पूरे मामले को बेवजह तूल न देने की अपील की है। प्रोडक्शन कंपनी बनिजय एशिया ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर जैद दरबार का एक वीडियो साझा किया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया, ”जैद दरबार के दिल से निकली एक सच्ची माफी।” वीडियो में जैद कहते हैं, ”कई बार मैं अपनी ही दुनिया में इतना खो जाता हूं कि मुझे एहसास नहीं होता कि क्या हो रहा है। कुशाल ने जो कहा, वह गलत था और मैंने उसे हल्के में ले लिया। यह मेरी गलती थी। मैं दिल से माफी मांगता हूं। उम्मीद है कि आप मुझे समझेंगे। आप जानते हैं कि मैं कैसा इंसान हूं। मैं किसी को दुख नहीं पहुंचा सकता, खुद को तकलीफ दे सकता हूं लेकिन अपने आसपास किसी का दिल नहीं दुखा सकता। यही सच है।” जैद की यह माफी उस समय सामने आई, जब शो में वाइल्ड कार्ड एंट्री लेने वाले वंशज सिंह ने उन्हें बताया कि कुशाल की टिप्पणी के कारण गौहर खान को सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा। जैद की माफी पर प्रतिक्रिया देते हुए गौहर खान ने इंस्टाग्राम पर कमेंट किया, ”वंशज अपना गेम खेल रहे हैं। मस्ती-मजाक ठीक है, क्योंकि हर छोटी बात पर बुरा मानने की जरूरत नहीं होती। तुम सही हो, ऐसे गंदे खेल से प्रभावित मत होना। ऐसे ही शानदार खेलते रहो।” दरअसल, विवाद जुलाई की शुरुआत में शो के दौरान का है। इस एपिसोड में जैद दरबार को अपनी सिगरेट पसंद नहीं आई थी। जिसके बाद उन्होंने कुशाल टंडन से सिगरेट मांगी थी। इस पर कुशाल ने मजाक में कहा था, ”तुझे सारी मेरी चीजें पसंद आती हैं।” इस टिप्पणी को कई लोगों ने गौहर खान और कुशाल टंडन के पुराने रिश्ते से जोड़कर देखा। हालांकि, उस समय भी गौहर खान ने अपने पति का बचाव किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था- ”जीरो इनसिक्योरिटी के साथ शानदार प्रदर्शन। जितना इंसान खुद पर भरोसा रखता है, उतना ही कम वह छोटी-छोटी बातों पर आहत होता है। हर बात पर तुरंत प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं होता। समझदार लोग बेहतर तरीके से पेश आते हैं। मुझे तुम पर गर्व है, जैद दरबार।” गौरतलब है कि गौहर खान और कुशाल टंडन की मुलाकात साल 2013 में ‘बिग बॉस 7’ के दौरान हुई थी। दोनों कुछ समय तक रिश्ते में रहे, लेकिन 2014 में उनका ब्रेकअप हो गया। इसके बाद गौहर खान ने साल 2020 में जैद दरबार से शादी की। इस दंपति के दो बेटे हैं। बड़े बेटे जेहान का जन्म 2023 में हुआ, जबकि छोटे बेटे फरवान का जन्म 2025 में हुआ।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link