कोलकाता अग्निकांड के लिए पिछली सरकार जिम्मेदार, अनदेखी बनी वजह : सीएम सुवेंदु

कोलकाता। कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में लगी भीषण आग में नौ लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे शहर में शोक की लहर है। बचाव और राहत कार्य जारी हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा, “मिर्जा गालिब स्ट्रीट के होटल में हुई दुखद आग की घटना से मैं स्तब्ध और व्यथित हूं।” सीएम सुवेंदु ने कहा कि अभी फोकस बचाव और राहत कार्यों के साथ-साथ यह जांच करने पर है कि आखिर गलती कहां हुई लेकिन आज के हादसे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह त्रासदी पिछली सरकार की लापरवाही की विरासत की याद दिलाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सालों तक शहर और राज्य का इंफ्रास्ट्रक्चर बिना किसी रोक-टोक के बढ़ने दिया गया। होटल और अन्य कारोबार के लिए इमारतों को बनाने और चलाने की इजाजत दे दी गई जबकि जरूरी फायर सेफ्टी नियमों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। सीएम सुवेंदु अधिकारी ने लिखा, “पिछली सरकार ने जानबूझकर दूसरी तरफ देखा। बुनियादी अनुपालन ऑडिट लागू नहीं किए और इन असुरक्षित स्थितियों को पनपने दिया।” उन्होंने कहा कि अब हम उस दौर के नुकसान को ठीक करने और सुरक्षा मानकों को लागू करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं, जो पहले से लागू होने चाहिए थे। सुवेंदु अधिकारी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा, “मेरा दिल उन परिवारों के साथ है जिन्होंने इस दिल तोड़ देने वाली त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया है।” उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को सबसे अच्छा इलाज और हर संभव मदद मिले। घटना की पूरी जांच के लिए 5 सदस्यीय विशेष जांच दल एसआईटी का गठन तुरंत कर दिया गया है। सीएम सुवेंदु ने कहा, “हम सच्चाई सामने लाने और न्याय दिलाने के लिए दृढ़ हैं।” बता दें कि कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में मंगलवार-बुधवार देर रात करीब 2 बजे आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link