चार्ली डीन डब्ल्यूबीबीएल में डेब्यू को तैयार, मेलबर्न स्टार्स ने इंग्लैंड की स्टार को जोड़ा

नई दिल्ली। इंग्लैंड की उप-कप्तान चार्ली डीन आगामी सीजन से पहले मेलबर्न स्टार्स से जुड़ने के बाद विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में अपना डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। स्टार्स ने अपनी विदेशी खिलाड़ियों की साइनिंग पूरी कर ली है। चार्ली डीन अब 2020-21 की उपविजेता टीम में अपनी हमवतन एमी जोन्स और डैनी गिब्सन के साथ शामिल हो गई हैं। डीन के टीम में आने से स्टार्स की गेंदबाजी और मजबूत होगी, साथ ही उन्हें बल्लेबाजी में गहराई और नेतृत्व क्षमता भी मिलेगी। उन्होंने नियमित कप्तान नैट साइवर-ब्रंट की गैरमौजूदगी में इंग्लैंड को आयरलैंड के खिलाफ हालिया सीरीज में 3-0 से जीत दिलाई थी। उन्होंने स्टार्स के साथ एक साल का करार किया है और डब्ल्यूबीबीएल में अपने डेब्यू को लेकर उत्साहित हैं। डीन ने कहा, “मैं स्टार्स के साथ शुरुआत करने और पहली बार बिग बैश में खेलने के लिए काफी उत्साहित हूं। यह बहुत ऊंचे स्तर की प्रतियोगिता है और इस सीजन में इसका हिस्सा बनने के लिए यह सही समय है। मैं स्टार्स की कई खिलाड़ियों को पहले से जानती हूं और मुझे लगता है कि टीम बहुत मजबूत दिख रही है। इसमें बहुत मजा आएगा और उम्मीद है कि हमें कुछ सफलता भी मिलेगी।” इससे पहले, साउथ अफ्रीका की तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर मारिजैन कैप ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करने के लिए डब्ल्यूबीबीएल से नाम वापस ले लिया था, उनके स्थान पर डीन को शामिल किया गया है, जो बाएं हाथ की स्पिनर सोफी डे के साथ टीम में अनुबंधित दूसरी स्पिनर हैं। भले ही, मारिजैन कैप ने स्टार्स का साथ छोड़ दिया है, फिर भी टीम के पास विपक्षी टीमों को परेशान करने के लिए अच्छी तेज गेंदबाजी लाइन-अप है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की किम गार्थ और एनाबेल सदरलैंड के साथ-साथ इंग्लैंड की गिब्सन और स्थानीय खिलाड़ी रीस मैककेना शामिल हैं। मेलबर्न स्टार्स की मौजूदा टीम: भरी गई जगहें: 9 डब्ल्यूबीबीएल 12 के लिए अनुबंधित खिलाड़ी: सोफी डे, चार्ली डीन (इंग्लैंड), किम गार्थ, डैनी गिब्सन (इंग्लैंड), एमी जोन्स (इंग्लैंड), मेग लैनिंग, रीस मैककेना, इंडिगो नोबल, एनाबेल सदरलैंड। बाहर हुईं खिलाड़ी: मारिजैन कैप (दक्षिण अफ्रीका), माया बाउचियर (इंग्लैंड)। बिना अनुबंध वाली खिलाड़ी: मैसी गिब्सन, साशा मोलोनी, इनेस मैककेओन, जॉर्जिया प्रेस्टविज, सोफी रीड।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link