जलपाईगुड़ी में तीन दिनों में एक ही परिवार के तीन लोगों की अस्वाभाविक मौत से सनसनी

जलपाईगुड़ी। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के बानरहाट थाना क्षेत्र के पश्चिम दुरामारी इलाके में महज तीन दिनों के भीतर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से सनसनी फैल गई है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पश्चिम दुरामारी निवासी बिमल राय को लंबे समय से अपनी पत्नी चुमकी राय (36) और अपने छोटे भाई सनातन राय के बीचध अवैध संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया गया कि घटना वाले दिन चुमकी घर से निकली तो बिमल भी उसके पीछे चला गया। इसके बाद दोनों लापता हो गए। कुछ देर बाद बिमल ने अपने बेटे के मोबाइल पर एक वॉयस मैसेज भेजकर दावा किया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और वह स्वयं भी आत्महत्या करने जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मोराघाट जंगल के मधुबनी पुल के पास से बुधवार को चुमकी राय का क्षत-विक्षत शव बरामद किया। अगले दिन उसी जंगल से बिमल राय का फंदे से लटका शव मिला। इस घटना के 24 घंटे के भीतर शुक्रवार को एक और चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया, जब पश्चिम दुरामारी के रंगाती महाश्मशान क्षेत्र में एक पेड़ से बिमल के भाई सनातन राय का शव भी फंदे से लटका मिला। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि बड़े भाई और भाभी की मौत से सनातन मानसिक रूप से टूट गया था और इसी कारण उसने आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। बनरहाट थाना पुलिस ने तीनों मामलों में अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन घटनाओं के पीछे कोई अन्य कारण या आपराधिक साजिश तो नहीं थी। जांच पूरी होने तक पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link