जोधपुर : ‘खेलो इंडिया डायलॉग कार्यक्रम’ में पहुंचे केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत

जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को जोधपुर में आयोजित ‘खेलो इंडिया डायलॉग कार्यक्रम’ में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़ने और खेल के मैदान को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि देश के युवा विकसित भारत बनने की यात्रा में खेलों से जुड़ें। युवा खेल के मैदान से जुड़कर विभिन्न खेलों में देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करें और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पोडियम पर भारत की धमक बढ़े। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ सहित कई महत्वपूर्ण पहल की गई है। इन प्रयासों का उद्देश्य देश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ के संदर्भ में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश मेजर ध्यानचंद की स्मृति में राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) मनाने जा रहा है। ऐसे मौके पर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए सभी को खेलों से जुड़ने और आने वाली पीढ़ियों को भी खेल के मैदान तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए। शेखावत ने कहा कि युवाओं का खेलों से जुड़ना, उन्हें नशे से दूर रखने और ऊर्जा से भरपूर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने एनआईएफटी जोधपुर, एनआईएफटी निदेशक, एनआईएफटी परिवार के साथ माय भारत के सभी वॉलंटियर्स को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि माय भारत के वॉलंटियर्स ने कार्यक्रम को बहुत अच्छे तरीके से आयोजित किया। दर्शना राजपुरोहित ने कहा, “इस कार्यक्रम में हमने पीएम मोदी से काफी कुछ सीखा। ‘माय भारत’ ने हमें काफी मौके दिए हैं। मैं ‘माय भारत’ की वॉलिंटियर हूं। मैंने विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 में राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल किया था। इसके बाद मैंने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया। मेरी अपील है कि आप भी इस मुहिम से जुड़ें।” स्विमर योग्या सिंह ने कहा, “खेलो इंडिया प्लेटफॉर्म हम एथलीट्स के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे हमें पहचान, आर्थिक मदद और ट्रेनिंग सुविधाएं मिलती हैं, जिससे एथलीट काफी अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। आज का यह कार्यक्रम युवाओं को जागरूक करेगा। युवा जितना जागरूक होगा, उतना ही देश प्रगति करेगा।” एनआईएफटी के निदेशक हरि शंकर प्रसाद ने कहा, “इस कार्यक्रम से युवाओं का काफी फायदा मिलेगा। उनमें खेल, फिटनेस और नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता बढ़ेगी। पीएम मोदी ने युवाओं से मैदान पर जाकर खेलने को कहा है। इससे हमारे छात्र बेहद प्रेरित होंगे।”

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link