डेविड ओ. रसेल से मिले अनुपम खेर, बोले-जिंदगी और सिनेमा पर हुई बात

मुंबई। अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपने नाटक ‘जाने-माने अंजाने’ के लिए विदेश यात्रा पर बने हुए हैं। इस यात्रा के दौरान अनुपम खेर अमेरिकी निर्देशक और स्क्रीन राइटर डेविड ओ.रसेल से मिलने उनके घर पर गए थे। अपनी इस मुलाकात की झलक अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर शेयर की, जिसमें वह डेविड ओ.रसेल के साथ नजर आ रहे हैं। अनुपम खेर ने अपनी इस पोस्ट के जरिेए डेविड ओ.रसेल के साथ हुई मुलाकात और उनके साथ हुई बातचीत के अनुभव को भी शेयर किया। अभिनेता ने इस यादगार अनुभव को शेयर करते हुए लिखा, “प्रिय डेविड ओ.रसेल आपसे लॉस एंजिल्स में मिलकर बहुत अच्छा लगा। मुझे अपने घर में स्वागत करने के लिए धन्यवाद। हमने साथ में स्वादिष्ट लंच किया। इस दौरान हमने शिव, जिंदगी, सिनेमा और आपकी नई फिल्म ‘मैडेन’ पर खूब सारी बातें की। क्या खूबसूरत घर है और इसमें कितनी अद्भुत ऊर्जा है।” अभिनेता अनुपम खेर ने डेविड ओ.रसेल के घर की प्रशंसा करते हुए लिखा, “इसमें कितनी अद्भुत ऊर्जा है। आपसे मिलना हमेशा सुकून देने वाला होता है। आपसे मिलकर जिंदगी के प्रति और ज्यादा उम्मीद, सिनेमा को लेकर और ज्यादा उत्साह और काम करने की और ज्यादा प्रेरणा मिलती है।” डेविड ओ. रसेल और अनुपम खेर ने साथ में ‘सिल्वर लाइनिंग्स प्लेबुक’ नामक फिल्म में काम किया है। अनुपम खेर ने डेविड ओ. रसेल के साथ अपने अनुभव को याद करते हुए लिखा, “आपके साथ ‘सिल्वर लाइनिंग्स प्लेबुक’ में काम करना मेरे लिए वाकई एक शानदार अनुभव था। एक ऐसा अनुभव जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। मैं आपके साथ बार-बार काम करने के लिए उत्सुक हूं! भगवान आपका भला करे, मेरे दोस्त। ओम नमः शिवाय।” डेविड ओ. रसेल द्वारा निर्देशित फिल्म ‘सिल्वर लाइनिंग्स प्लेबुक’ में अभिनेता अनुपम खेर ने डॉ. पटेल का किरदार निभाया था, जो मुख्य अभिनेता ब्रैडली कूपर के चरित्र ‘पैट’ के थेरेपिस्ट (चिकित्सक) थे। यह फिल्म साल 2012 में रिलीज हुई थी और इसे दुनियाभर में काफी तारीफ मिली थी। साथ ही, यह फिल्म ऑस्कर में 8 श्रेणियों में नामांकित हुई थी, जिसमें जेनिफर लॉरेंस ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता था।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link