तेल की कीमतों में उछाल से निपटने के लिए पाकिस्तान ने सरकारी वाहनों के ईंधन कोटे में कटौती की

नई दिल्ली। पाकिस्तान ने सरकारी खर्च में कटौती के लिए एक नए दौर के उपायों की घोषणा की है। इनमें सरकारी वाहनों के लिए ईंधन आवंटन में कटौती भी शामिल है। पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण खाड़ी देशों से तेल की आपूर्ति बाधित होने के बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के मद्देनजर ये कदम उठाए गए हैं। यह जानकारी कई मीडिया रिपोर्ट्स में दी गई है। कई रिपोर्टों के अनुसार, इन उपायों में सरकारी वाहनों के लिए ईंधन आवंटन में कटौती, सरकारी संस्थाओं द्वारा नए वाहनों की खरीद पर रोक, अधिकारियों की विदेश यात्राओं पर प्रतिबंध और आधिकारिक रात्रिभोज पर रोक शामिल है। इस साल खर्च कटौती के लिए दूसरी बार घोषित किए गए इन उपायों में आईटी उपकरणों को छोड़कर सरकारी संस्थाओं द्वारा टिकाऊ वस्तुओं की खरीद पर रोक और बैठकों के लिए टेलीकॉन्फ्रेंसिंग का इस्तेमाल करने का निर्देश भी शामिल है। पाकिस्तान ने मार्च में ऊर्जा बचाने के लिए दो सप्ताह के लिए स्कूल बंद कर दिए थे, सभी सरकारी विभागों में ईंधन के इस्तेमाल में कटौती की थी और कंपनियों से अधिक कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा देने का आग्रह किया था। बढ़ती कीमतों के असर को कम करने के लिए दक्षिण एशियाई देश ने बुधवार से मोटरसाइकिल, रिक्शा और छोटी कारों के मालिकों को प्रति लीटर 100 पाकिस्तानी रुपए की ईंधन सब्सिडी भी लागू की है। यह सब्सिडी हर महीने तय सीमा तक ईंधन की खरीद पर दी जा रही है। ईरान संकट और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की ओर से कर्ज चुकाने की मांग ने पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। इससे पहले से ही भारी कर्ज के बोझ तले दबे देश की आर्थिक स्थिति पर और दबाव बढ़ा है। इसके अलावा, सरकार के बढ़ते रक्षा खर्च ने स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों के लिए उपलब्ध संसाधनों को सीमित कर दिया है, जो दीर्घकालिक और स्थिर आर्थिक वृद्धि के लिए जरूरी हैं। पाकिस्तान के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में निर्यात की हिस्सेदारी 1990 के दशक में करीब 16 प्रतिशत से घटकर 2024 में लगभग 10.4 प्रतिशत रह गई है, जबकि कर्ज-जीडीपी अनुपात करीब 70 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरानी क्षेत्र पर संयुक्त हमले किए जाने के बाद 28 फरवरी को ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी, जिसके बाद पाकिस्तान को खाड़ी देशों से होने वाली तेल आपूर्ति बाधित हो गई। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने शुक्रवार तड़के कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से ‘अवैध’ तरीके से गुजरने की कोशिश करने वाले एक तेल टैंकर पर पिछली रात हमला किया गया और उसे रोक दिया गया।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link