दिल्ली के नरेला में निर्माण कार्य के दौरान गोदाम का कुछ हिस्सा ढहा, 2 लोग घायल

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के नरेला इलाके में रविवार को एक गोदाम का कुछ हिस्सा ढह गया, जिससे दो मजदूर घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 11 बजे बुधपुर इलाके में जैन मंदिर के पास फार्म हाउस रोड पर प्लॉट नंबर 248 पर हुआ। खबरों के मुताबिक, दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए थे, हालांकि दिल्ली फायर सर्विस की टीम के पहुंचने से पहले ही उन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया गया। सूचना मिलने पर फायर सर्विस ने तुरंत दो वाटर टेंडर, एक बाउजर फायर टेंडर (बीएफटी) और एक वाटर बाउजर भेजे, साथ ही स्टेशन ऑफिसर नवीन ठाकरान और सब-ऑफिसर प्रदीप को भी भेजा। घायल मजदूरों की पहचान 20 साल के सुनील और 28 साल के नरेश पजवान के तौर पर हुई है। इससे पहले रविवार को ही उत्तरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में भी इमारत गिरने की ऐसी ही एक घटना हुई थी। इस घटना में किसी की मौत या गंभीर चोट की खबर नहीं है। अलीपुर पुलिस स्टेशन को सुबह करीब 11 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर भेजी गईं। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर चार एम्बुलेंस, एक फायर टेंडर और एक डिजास्टर मैनेजमेंट गाड़ी भी भेजी गई। शुरुआती जांच के मुताबिक, निर्माणाधीन इमारत में लिंटल वर्क चल रहा था, तभी सपोर्ट के लिए लगाई गई शटरिंग अचानक गिर गई। दरवाजे और खिड़की के ऊपर डाली जाने वाली कंक्रीट की बीम को लिंटल कहते हैं और उसे बनाने या डालने के कार्य को लिंटल वर्क कहते हैं। अधिकारियों ने बताया कि अस्थायी सपोर्ट के गिरने की वजह से पूरी संरचना ढह गई। घटना के समय निर्माण स्थल पर कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। पुलिस ने बताया कि सभी मजदूरों का पता लगा लिया गया और वे सुरक्षित पाए गए। उन्होंने कहा कि मलबे के नीचे कोई भी व्यक्ति नहीं फंसा था। पुलिस टीमों और अन्य इमरजेंसी कर्मियों ने मौके पर जांच की, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके और यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई लापता या फंसा हुआ तो नहीं है। पुलिस ने बताया कि घटना और मजदूरों की सुरक्षा के बारे में आगे की जांच-पड़ताल चल रही है।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link