‘द ट्रेटर्स’ में पारुल गुलाटी को मुनव्वर पर क्यों भरोसा? बोलीं, ‘वह जो वादा करते थे, उसे पूरा करके दिखाते थे’

मुंबई। अभिनेत्री पारुल गुलाटी इन दिनों अपने काम के साथ-साथ रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ को लेकर भी चर्चा में हैं। दरअलस, शो में किसी भी कंटेस्टेंट पर आंख बंद करके भरोसा करना आसान नहीं होता। यहां हर कदम पर यह डर बना रहता है कि जिस शख्स को अपना समझ रहे हैं, वही कहीं खेल का ‘ट्रेटर’ तो नहीं। ऐसे मुश्किल माहौल में पारुल ने मुनव्वर फारूकी पर भरोसा बनाए रखा। अब उन्होंने बताया है कि आखिर ऐसा क्या था, जिसकी वजह से उन्हें मुनव्वर पर यकीन हुआ। पारुल ने कहा, ”’द ट्रेटर्स’ जैसे शो में किसी पर भरोसा करना अपने आप में बड़ा जोखिम होता है। यहां हर खिलाड़ी अपने फायदे के लिए कोई भी चाल चल सकता है और सामने वाला सच बोल रहा है या खेल खेल रहा है, यह समझना आसान नहीं होता, लेकिन मुनव्वर के साथ मेरा रिश्ता धीरे-धीरे मजबूत होता गया। मुझे उनकी आंखों में साफ-साफ सच्चाई नजर आती थी। मुझे मुनव्वर सिर्फ शो के एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि बड़े भाई जैसे लगने लगे थे।” पारुल ने एक खास घटना का जिक्र करते हुए कहा, ”एक बार मुझे किसी कंटेस्टेंट पर ट्रेटर होने का शक था। मुझे पूरा भरोसा था कि वह व्यक्ति ट्रेटर है। ऐसे में मैंने मुनव्वर से उस व्यक्ति का नाम लेने के लिए कहा। उस समय मुनव्वर ने मुझसे कहा, “अगर तुम चाहती हो कि मैं उस व्यक्ति का नाम लूं, तो मैं लूंगा। इसके बाद ‘सर्कल ऑफ शक’ के दौरान उन्होंने उसी व्यक्ति का नाम लिया, जिस पर मुझको शक था।” उन्होंने कहा, ”मुनव्वर ने जो वादा किया था, उसे पूरा किया और इसी वजह से मेरे मन में उनके लिए भरोसा और बढ़ गया। आज के समय में ऐसे लोग कम मिलते हैं, जो अपनी कही बात पर कायम रहते हैं। इंडस्ट्री में हो या आम जिंदगी में, वादा करना आसान है, लेकिन उसे निभाना मुश्किल होता है। मुनव्वर ने मेरी बात रखी और अपने वादे से पीछे नहीं हटे।” पारुल ने कहा, ”मुनव्वर के साथ मेरा जुड़ाव केवल शो की रणनीति तक सीमित नहीं था। ‘द ट्रेटर्स’ में हर खिलाड़ी को दूसरे पर शक करने के लिए मजबूर होना पड़ता है, लेकिन मुनव्वर पर मेरा एक अलग तरह का भरोसा था।” ‘द ट्रेटर्स’ के दूसरे सीजन में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े 21 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स ने हिस्सा लिया। इनमें आदित्य कुलश्रेष्ठ उर्फ कुल्लू, अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान, अंश चोपड़ा, दलीप ताहिल, हरमन सिंघा, इक्का सिंह, करण सिंह मैजिक, क्रिस्टल डिसूजा, मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारूकी, पारुल गुलाटी, प्रिश, रणवीर बराड़, रिया चक्रवर्ती, रिदा थराना, शहनिल गिल, शालिनी पासी, श्वेता तिवारी, सौंदस मौफाकिर और तान्या पुरी जैसे नाम शामिल थे। अब पारुल जल्द ही मुनव्वर के साथ ‘नेहा एंड अंगद्स डबल डेट’ में नजर आएंगी।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link