नई दिल्ली: नंद नगरी हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली के नंद नगरी इलाके में हुए एक सनसनीखेज हत्या मामले को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझाते हुए वारदात में शामिल पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात करीब 1:43 बजे थाना नंद नगरी को सुंदर नगरी में दो भाइयों के बीच झगड़े की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल को परिजन जीटीबी अस्पताल ले जा चुके थे। अस्पताल पहुंचने पर घायल की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद अली निवासी सुंदर नगरी, दिल्ली के रूप में हुई। मोहम्मद अली को चाकू लगने से गंभीर चोटें आई थीं और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच के दौरान मोहम्मद अली की पत्नी ने बताया कि वह मकान की पहली मंजिल पर रहती थी, जबकि मोहम्मद अली के ताऊ नसीरुद्दीन अपने दो बेटों के साथ उसी मकान की भूतल मंजिल पर रहते थे। महिला के अनुसार घटना वाली रात करीब 1 बजे मोहम्मद अली फ्रिज से पानी की बोतल लेने के लिए नीचे गया था। आरोप है कि जावेद ने गेट नहीं खोला, जिससे दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि नसीरुद्दीन ने मोहम्मद अली को पकड़ लिया, जबकि जावेद ने उस पर कई बार चाकू से हमला किया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों फरार हो गए। मामले में थाना नंद नगरी में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इंस्पेक्टर आनंद यादव, एसएचओ थाना नंद नगरी के नेतृत्व में तथा एसीपी नंद नगरी गौरव कुमार त्रिपाठी, आईपीएस के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने विभिन्न स्रोतों से सुराग एकत्र किए। लगातार प्रयासों और तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पिता-पुत्र को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। जांच में सामने आया कि मुर्गा मार्केट स्थित एक कपड़े की दुकान को लेकर नसीरुद्दीन और मृतक के पिता जुमा दीन के बीच लंबे समय से संपत्ति विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया। आरोपियों की पहचान 71 वर्षीय नसीरुद्दीन और उसके 26 वर्षीय बेटे जावेद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की विवेचना जारी है।

Ayush Sharma
Author: Ayush Sharma

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Video Post

Quick Link